रियाद, 06 फरवरी। सऊदी अरब के श्रम मंत्रालय एवं सामाजिक विकास मंत्रालय ने एक बड़ा फैसला लेते हुए प्रवासियों के 12 क्षेत्रों में नौकरी पर बैन लगा दिया है। अब इन क्षेत्र में केवल सऊदी नागरिक ही काम कर सकेंगे। श्रम एवं सामाजिक विकास मंत्री डॉ. अली अल ग़फीस ने पिछले हफ्ते एक आदेश जारी करते हुए उन 12 क्षेत्रों का उल्लेख किया, जिसमें अब प्रवासी काम नहीं कर पाएंगे। इस आदेश के पीछे सऊदी सरकार की मंशा सऊदी नागरिकों को ज्यादा से ज्यादा रोज़गार देना बताई जा रही है।
यह आदेश सितंबर-2018 से लागू होगा। सऊदी अरब के अखबार सऊदी गैज़ेट के मुताबिक, वह 12 क्षेत्र, जिसमें प्रवासी काम नहीं कर पाएंगे। इनमें प्रमुख हैं, घड़ी की दुकान, चश्मे की दुकान, मेडिकल स्टोर, इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक शॉप्स, कार स्पेयर पार्ट्स, बिल्डिंग मैटेरियल, कार्पेट, ऑटोमोबाइल एवं बाइक शॉप्स, होम फर्नीचर एवं रेडिमेड ऑफिस मैटेरियल, रेडिमेड गार्मेंट, बर्तन की दुकान, केक एवं पेस्ट्री आदि। मंत्रालय के प्रवक्ता खालिद अबा अल-खैल ने स्थानीय मीडिया को बताया कि यह आदेश सेल्स की नौकरियों पर लागू होंगे और इसको लागू करने के लिए एक कमेटी बनाई जाएगी।
सऊदी अरब में 30 लाख से भी ज्यादा भारतीय काम करते हैं और इस नए आदेश ने वहां काम कर रहे भारतीयों की चिंता बढ़ा दी है। सऊदी सरकार के इस नए कदम से भारतीयों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा सकता है, क्योंकि जिन क्षेत्रों में प्रतिबंध की तैयारी है, उनमें ही भारतीयों की भागीदारी प्रमुखता से है।







