पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा कि चाहे जो हो जाए, उनकी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) सरकार जरूरी खाद्य सामग्रियों की कीमतों को कम करने को लेकर संघीय कैबिनेट द्वारा किए गए विभिन्न उपायों की घोषणा करेगी।
अपने ट्वीट में इमरान ने कहा कि सभी संबंधित सरकारी एजेंसियों ने आटा और चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर गहन जांच शुरू कर दी है।पाकिस्तान सांख्यिकी ब्यूरो ने बीते सप्ताह अपनी रपट में कहा था कि जनवरी में मुद्रास्फीति दर बढ़कर 14.6 प्रतिशत पर पहुंच गई, जोकि पिछले महीने के 12.6 प्रतिशत के मुकाबले दो प्रतिशत अधिक है।
बीते 12 वर्षों में मुद्रास्फीति की दर सबसे ज्यादा दर्ज की गई। आंकड़ों से पता चला कि खाद्य कीमतों में बढ़ोतरी खासकर के गेहूं और आटा, दाल, चीनी, गुड़ और खाद्य तेल की वजह से जनवरी में मुद्रास्फीति की दर में इतना उछाल आया। देश में बढ़ती कीमतों की वजह से चौतरफा आलोचना झेल रहे, खान ने शनिवार (8 फरवरी) को अपने आर्थिक टीम के सदस्यों को मुख्य खाद्य सामग्रियों की कीमतों को कम करने के लिए तत्काल कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।







