एक तरफ माल्या की प्रॉपर्टी के लिए नहीं मिल रहे खरीदार तो दूसरी तरफ देश को नहीं मिल रहे विजय माल्या
मुंबई 14 नवंबर। लिकर किंग विजय माल्या के किंगफिशर हाउस की एक बार फिर नीलामी होगी। इसके लिए रिजर्व प्राइस 82 करोड़ रुपये रखा गया है। बता दें कि सरकार की तरफ से यह नीलामी की छठवीं कोशिश है। इससे पहले पांच बार इसके खरीदार नहीं मिले थे। डेब्ट रिकवरी ट्रिब्यूनल (कर्नाटक) और डिपार्टमेंट ऑफ फाइनेंशियल सर्विस के अनुसार, बंद हो चुकी किंगफिशर एअरलाइंस के हेडक्वार्टर किंगफिशर हाउस की नीलामी 19 दिसंबर को की जाएगी। इसके लिए दोपहर 11 से 12 बजे तक का समय निश्चित किया गया है।
बोली लगाने के इच्छुक व्यक्ति को 50 लाख रुपये इंक्रीमेंटर अमाउंट के तौर पर एडवांस में देना होगा। बता दें कि विजय माल्या की यह प्रॉपर्टी विले पार्ले में स्थित है। इसका कुल एरिया 2400 वर्ग मीटर है। हालांकि, सिर्फ चार सौ वर्ग मीटर में कंस्ट्रक्शन हुआ है और 1600 वर्ग मीटर एरिया खाली पड़ा है। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया सहित 17 बैंकों के कंसोर्टियम ने माल्या की इस प्रॉपर्टी की रिजर्व प्राइस सबसे पहले 150 करोड़ रुपये रखी थी। हालांकि, तब भी खरीदार नहीं मिलने पर इसे 10 फीसदी घटाकर 93.50 करोड़ कर दिया गया था।
दूसरी नीलामी में इसकी कीमत को 135 करोड़, तीसरी नीलामी में 115 करोड़, चौथी नीलामी में 103.50 करोड़ और पांचवी नीलामी में 93.50 करोड़ रुपये रखा गया था। पांचों बार माल्या की इस संपत्ति को खरीदने के लिए कोई सामने नहीं आया। ऐसे में हर बार रिजर्व प्राइस को घटाया गया। इस बार इसे 80 करोड़ रुपये रखा गया है। अधिकारियों को उम्मीद है कि इस बार कोई खरीदार मिल जाएगा। इससे पहले अप्रैल 2017 में इन्हीं 17 बैंकों ने माल्या के गोवा में स्थित किंगफिशर विला को बेचा था। तीन बार की नीलामी में इसके भी खरीदार नहीं मिले थे। चौथी बार की नीलामी में इसे वीकिंग मीडिया एंड एंटरटेनमेंट के मालिक सचिन जोशी ने 73.01 करोड़ रुपये में खरीदा था।






