जविपा अध्यक्ष ने युवाओं को एकजुट करने के लिए किया कार्यालय का उद्घाटन
पटना, 4 अगस्त 2021: जनतांत्रिक विकास पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार ने आज पटना में जातिगत जनगणना को जरूरी बताते हुए कहा कि जब हमारे देश में शादी ब्याह तक जातिगत तरीके से होती है, तो जातिगत जनगणना कराने में हर्ज ही क्या है? जातिगत जनगणना से सारे लोगों की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी और जो लोग पिछड़े हैं, उन्हें समाज व विकास की मुख्य धारा में जोड़ने के लिए चिन्हित करना आसान होगा और तभी सबका विकास होगा। इसलिए हम और हमारी पार्टी जातिगत जनगणना के पक्ष में हैं।
अनिल कुमार ने यह बातें आज पार्टी की युवा एवं छात्र विंग के लिए कार्यालय का उद्घाटन के दौरान कही। उन्होंने कहा कि इस कार्यालय को शुरू करने का मकसद है बिहार के सभी जाति और धर्मों के युवा व युवतियों को एकजुट करना, ताकि वे अपने अधिक व हक के लिए जेपी की तरह आंदोलन खड़ा कर सके और पटना से दिल्ली तक अपने लिए आवाज बुलंद करे।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली डबल इंजन की सरकार ने युवाओं को चुनाव के वक्त नौकरी का झांसा देकर छलने का काम किया है। नीतीश सरकार ने बिहार में युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करते हुए शिक्षा की बुनियादी ही समाप्त कर दी है। ऐसे में युवाओं को आज एकजूट होने के बेहद जरूरत है।







