नयी दिल्ली 18 अक्टूबर: महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए ‘वूमेन फॉर वूमेन’ अभियान की शुरूआत करते हुए केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने आज कहा कि अगर किसी स्त्री का स्त्रीत्व उसके साथ है तो उसे रोकना संभव नहीं है।
श्रीमती गांधी ने यहां इस अभियान की शुरूआत करते हुए कहा कि इससे महिलाओं द्वारा महिलाओं के प्रति किये जाने वाले लैंगिक भेदभाव को खत्म करने में मदद मिलेगी। इस अभियान के लिए आॅनलाइन ”हैशआईएमदैटवूमेन” शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत महिलाओं के लिए और महिलाओं का साथ देने वाली महिलाओं को प्रमुखता दी जाएगी।
उन्होंने कहा एक महिला द्वारा दूसरी महिलाओं को नुकसान पहुंचाने वाली मानसिकता समाप्त करने पर बल देना चाहिए। इस अभियान के तहत इससे संबंधित सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट ट्विटर और फेसबुक पर तस्वीरें और घटनाएं पोस्ट जाएगी। उन्होंने कहा कि जब एक स्त्री को उसके स्त्रीत्व का बल मिलता है तो उसे रोकना संभव नहीं होता है। इस अभियान में महिला सशक्तिकरण के लिए महिलाओं द्वारा किए जा रहे योगदान को प्रमुखता से उभारा जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि एक ‘सास’ अपनी ‘बहु’ की सर्वोत्तम साथी हो सकती है। यह समय है जब ‘बहु’ को ‘बेटी’ माना जाना चाहिए। परिवार की एक महिला दूसरी महिलाओं की समस्याओं को बेहतर ढंग से समझ सकती है और उन्हें सफलता के सीढ़ियां चढ़ने में मदद कर सकती है। उन्होंने कहा , ” एक मकान मालकिन का अपनी महिला किराएदार से स्रेह उसे घर जैसा अहसास करा सकता है। इससे महिला किराएदार की दुनिया ही बदल जाएगी।”