- विश्व धरोहर दिवस : पर्यटक पहुंचे जगदीशपुर, देखी इतिहास की विराट छवि
- हेरिटेज वॉक में शामिल हुए डेढ़ सौ से ज्यादा विरासत प्रेमी
भोपाल, 18 अप्रैल : विश्व धरोहर दिवस पर राजधानी भोपाल में इतिहास प्रेमियों का हुजूम दिखाई दिया। हेरिटेज वॉक पर निकले पर्यटकों का पड़ाव जगदीशपुर (इस्लाम नगर) जाकर ठहरा। यहां प्राचीन महलों का आर्किटेक्ट, इनके निर्माण का इतिहास, धरोहर में समाई संस्कृति और कलां को निहारते इनका दिन बीता। सुबह से लेकर देर दोपहर तक चली इस हेरिटेज वॉक के बाद इनकी जिज्ञासु झोली में कई जानकारियां भरी थीं। अपने इतिहास को जानने समझने की संतुष्टि भी इनके मन में थी, साथ ही अपनी विरासत को सहेजने, संरक्षित करने और इसको संवारने का एक अकथनीय संकल्प भी यह लेकर चले।

विश्व धरोहर दिवस के अवसर पर सचिव, म.प्र. शासन संस्कृति विभाग एवं आयुक्त पुरातत्व उर्मिला शुक्ला के मार्गदर्शन में सम्पूर्ण प्रदेश में हेरिटेज वॉक सहित विभिन्न आयोजन किये गए | कार्यक्रम में विभाग की संयुक्त संचालक डॉ. मनीषा शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रही एवं उनके द्वारा धरोहर के महत्व एवं संरक्षण की दिशा में की जा रही विभागीय पहलों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथियों में राजस्थान उप पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र , अर्जुन सिंह, सिजल शेखावत, जयपाल सिंह, शिशुपाल आदि शामिल थे। कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ पुरातत्ववेत्ता आशुतोष उपरीत के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने विश्व धरोहर दिवस की महत्वता एवं धरोहर संरक्षण में विभाग की निरंतर प्रयासों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर वरिष्ठ पुरातत्वीय अधिकारी डॉ. रमेश यादव ने चमन महल की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, उसके संरक्षण हेतु विभाग द्वारा किए गए प्रयासों एवं उसके स्थापत्य पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि चमन महल का निर्माण राजपूत स्थापत्य शैली में हुआ है, जबकि इसके बगीचे को मुगल शैली में सजाया गया था।
क्विज से जानकारी
कार्यक्रम के दौरान ‘हेरिटेज क्विज़’ का आयोजन किया गया। यह सत्र रोचक प्रश्नों एवं संवादों से भरपूर रहा, जिससे प्रतिभागियों में ऐतिहासिक स्थलों के प्रति जिज्ञासा और जागरूकता बढ़ी।
जाना अपना चमन
उप संचालक निलेश लोखंडे ने प्रतिभागियों को चमन महल के बारे में संक्षिप्त विवरण प्रदान किया। नम्रता यादव, कीपर, राज्य संग्रहालय भोपाल ने सम्पूर्ण कार्यक्रम के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रदेशभर में रही हलचल
विश्व धरोहर दिवस पर राजधानी भोपाल के अलावा अन्य क्षेत्रीय कार्यालय ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर, रीवा, सागर, दमोह एवं अन्य शहरो में ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन किया गए |






