चैंपियंस ट्रॉफी के बीच भारतीय कोच की तलाश भी लगातार जारी है. पिछले कुछ दिनों से इस मुद्दे पर लगातार गतिविधियां बढ़ी हैं. श्रीलंका के खिलाफ मैच के बाद क्रिकेट एडवाइजरी कमेटी के तीनों सदस्य सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली और वीवीएस लक्ष्मण के बीच बैठक होनी थी. कहा जा रहा है कि तीनों सदस्य अनिल कुंबले के कार्यकाल को बढ़ाने के लिए सहमत हैं. हालांकि अभी वह सभी कैंडिडेट्स का इंटरव्यू लेंगे. जल्द ही यह प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी.
सचिन-सौरव-लक्ष्मण ने इस मुद्दे पर कप्तान विराट कोहली से बात भी की है. हालांकि अभी इस पर कोई फैसला नहीं हुआ है. कमेटी की पहली पसंद कुंबले ही है, जिसका निर्णय कमेटी, बीसीसीआई और कप्तान विराट कोहली से बात करने के बाद लिया जाएगा. क्रिकेट कमेटी की दूसरी पसंद वीरेंद्र सहवाग है. लेकिन आखिरी फैसला बीसीसीआई और सीओए का ही होगा.






