चंद्रशेखर की गिरफ्तारी के विरोध में दलित बहुल गांव की महिलाओं का सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने का सिलसिला जारी है। उनकी मांग है कि चंद्रशेखर को रिहा किया जाए और हिंसा के मुख्य आरोपी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद राघव लखनपाल शर्मा को गिरफ्तार किया जाए।
शब्बीरपुर गांव के गिरफ्तार दलित प्रधान शिवकुमार को प्रधान पद से बरखास्त करने और उनके वित्तीय अधिकारों पर रोक लगाने को लेकर राजपूतों ने ब्लाक नानौता के बीडीओ सचिन कुमार सांडिल्य से मुलाकात की। बीडीओ ने बताया कि उन्होंने उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार ने बताया कि हिंसा ग्रस्त सभी गांवों में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। जिलाधिकारी प्रमोद कुमार ने इंटरनेट सेवाओं की चार दिन की बंदी के बाद आज दोपहर बाद से बंद इंटरनेट सेवाएं शुरू करा दी।
जातीय और सांप्रदायिक लिहाज से अतिसंवेदनशील श्रेणी में शामिल सहारनपुर जिले में पिछले छह सालों में ंिहसा की 544 वारदात हुईं हैं। यह उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा है। खुफिया विभाग ने जिले के 100 गांवों को संवेदनशील श्रेणी में चिन्हित किया है। इन सभी गांवों में खासतौर से सतर्कता बरती जा रही है।






