भारतके बी साई प्रणीत ने हमवतन किदांबी श्रीकांत को 17-21, 21-17, 21-12 से हराकर सिंगापुर ओपन सुपर सीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया। प्रणीत टूर्नामेंट के 31 साल के इतिहास में खिताब जीतने वाले भारत के पहले पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं। स्टार महिला खिलाड़ी साइना नेहवाल ने 2010 में यहां महिला सिंगल्स का खिताब जीता था।
आंध्र प्रदेश के बी साई प्रणीत का यह पहला सुपर सीरीज फाइनल मुकाबला था। उन्हें पहले गेम में हार का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद उन्होंने जोरदार वापसी करते हुए अगले दोनों गेम जीत लिए। प्रणीत ने इससे पहले सेमीफाइनल में कोरिया के ली डोंग क्यून को एकतरफा अंदाज में 21-6, 21-8 से पीट कर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई थी। वहीं, श्रीकांत ने इंडोनेशिया के एंथनी गिंटिंग को 42 मिनट में 21-13, 21-14 से हराकर फाइनल में स्थान पक्का किया था। विश्व रैंकिंग में 30वें नंबर के प्रणीत ने 29वीं रैंकिंग के श्रीकांत को 54 मिनट के संघर्ष में मात दी।
प्रणीत ने इस जीत के साथ श्रीकांत के खिलाफ अपना कॅरियर रिकॉर्ड 5-1 कर लिया। श्रीकांत ने इससे पहले दो सुपर सीरीज खिताब (चाइना ओपन 2014, इंडिया ओपन 2015) अपने नाम किया थे लेकिन वह यहां तीसरे खिताब से चूक गए।
Add A Comment





