राहुल गांधी की कार पर पथराव को लेकर ग्रहमंत्री श्री राजनाथ सिंह ने लोकसभा में दिया बयान
नयी दिल्ली। राज्यसभा चुनाव के लिए गुजरात में हो रहे मतदान के बीच मंगलवार को मानसून सत्र के दौरान लोकसभा में सदन की कार्यवाही शुरू होते ही पिछले दिनों कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की कार पर हुए पथराव के मामले में विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया। इस पर गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने बयान देेते हुए बताया कि कांग्रेस उपाध्यक्ष की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए थे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को बुलेटप्रूफ गाड़ी लेने की सलाह दी गई थी लेकिन उसको लेने से इनकार कर दिया. वह अपनी पार्टी की गाड़ी में बैठकर गए. इसके साथ ही कहा कि एकदम ऐन मौके पर दौरे की सूचना मिली. समय से सूचना न मिलने से सुरक्षा तैयारियों में दिक्कत आती है. उन्होंने कहा कि राहुल इससे पहले भी सुरक्षा मानकों को तोड़ते रहे हैं. राजनाथ सिंह के बयान के बावजूद विपक्षी कांग्रेसी सांसद शांत नहीं हुए। लिहाजा सदन की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित कर दी गई। इसके साथ ही चंडीगढ़ छेड़छाड़ मामले के भी उठने की सदन में उठने की उम्मीद है।
बनासकांठा में हुआ था राहुल की कार पर पथराव:
पिछले दिनों गुजरात के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने गए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की कार पर बनासकांठा में पथराव हो गया था. कांग्रेस ने इसके लिए बीजेपी पर निशाना साधा था. खुद राहुल गांधी ने इसके लिए संघ-बीजेपी को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि इन हमलों से वे डरने वाले नहीं और लोगों की आवाज उठाते रहेंगे. इस मामले में पुलिस ने एक स्थानीय बीजेपी नेता को गिरफ्तार भी किया।







