राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने आगरा में किया शुभारंभ, देशभर में 20 हजार युवाओं को प्रशिक्षित करने की योजना में यूपी की हिस्सेदारी 25 प्रतिशत
लखनऊ, 6 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और जेनरेटिव AI की आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए सैमसंग इनोवेशन कैंपस 2026 की शुरुआत हो गई है। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा में कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके तहत प्रदेश के 5,000 युवाओं को उद्योग-प्रासंगिक AI प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यक्रम में सैमसंग साउथ वेस्ट एशिया के कॉर्पोरेट वाइस प्रेसिडेंट एसपी चुन, विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशू रानी समेत वरिष्ठ शिक्षाविद और करीब 900 विद्यार्थी मौजूद रहे। इससे पहले 29 सितंबर को लखनऊ में भी कार्यक्रम की शुरुआत की जा चुकी है, जिसमें उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी और करीब 400 छात्र शामिल हुए थे।
प्रैक्टिकल ट्रेनिंग से रोजगार की तैयारी
सैमसंग के मुताबिक युवाओं को AI और जेनरेटिव AI का संरचित प्रशिक्षण देने के साथ हैंड्स-ऑन प्रोजेक्ट, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और सॉफ्ट स्किल्स विकसित करने का अवसर मिलेगा। कैपस्टोन प्रोजेक्ट के जरिए विद्यार्थी डिजाइन थिंकिंग और समस्या समाधान की व्यावहारिक समझ भी हासिल करेंगे।
राष्ट्रीय लक्ष्य का एक-चौथाई यूपी में
सैमसंग इनोवेशन कैंपस के तहत वर्ष 2026 में देश के 10 राज्यों में 20 हजार युवाओं को AI प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें अकेले उत्तर प्रदेश के 5,000 युवा शामिल होंगे, यानी राष्ट्रीय लक्ष्य का 25 प्रतिशत। कंपनी के अनुसार यूपी में इस पहल के जरिए अब तक 8,000 से अधिक युवाओं को प्रशिक्षित किया जा चुका है।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि AI आने वाले समय में अर्थव्यवस्था, उद्योग और समाज को प्रभावित करने वाली महत्वपूर्ण तकनीक होगी। ऐसे में प्रदेश के युवाओं को इसके लिए जरूरी कौशल और आत्मविश्वास से लैस करना जरूरी है।
18 से 25 वर्ष के युवाओं के लिए यह कार्यक्रम इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर स्किल्स काउंसिल ऑफ इंडिया और टेलीकॉम सेक्टर स्किल काउंसिल के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाने और उन्हें भविष्य की तकनीकी नौकरियों के लिए तैयार करना है।







