मयूर रेसिडेंसी विस्तार में सांस्कृतिक कार्यक्रम, नीतू शर्मा बनीं मिस तीज क्वीन
लखनऊ। सावन की हरियाली और उल्लास से सराबोर माहौल में मयूर रेसिडेंसी विस्तार महिला ग्रुप ने हरियाली तीज का भव्य उत्सव मनाया। कॉलोनी की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
गणेश वंदना से शुरू हुआ कार्यक्रम
शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ। श्रद्धा उपाध्याय ने मधुर कजरी गाकर सावन की रंगत भर दी। मंच संचालन नीतू शर्मा और अपर्णा सिंह ने किया, जबकि अर्चना सिंह ने सहयोग दिया। खेलों और मनोरंजक गतिविधियों को आकर्षक बनाने में पल्लवी व जया श्रीवास्तव का खास योगदान रहा।
लोकगीतों और बॉलीवुड पर थिरकीं महिलाएं
स्नेहा, कीर्ति सिंह, अनीता पटेल, भावना, पूजा, कीर्ति गुप्ता, नेहा, मीनू, श्वेता, गिरीश और नीलम ने लोकगीतों व बॉलीवुड गानों पर मनमोहक नृत्य पेश कर सबका दिल जीत लिया। महिलाओं ने विभिन्न खेलों में भी खूब हिस्सा लिया।
मिस तीज क्वीन का ताज और आभार
कार्यक्रम की संयोजिका आभा श्रीवास्तव, मुख्य अतिथि सरिता सिंह (उड़ान डांस एकेडमी अध्यक्ष) और पार्षद कल्पना बर्मा ने उपस्थिति देकर उत्साह बढ़ाया। नीतू शर्मा को मिस तीज क्वीन का ताज पहनाया गया।
आभा श्रीवास्तव ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को प्रतिभा दिखाने का मंच देते हैं और आपसी सौहार्द व भारतीय संस्कृति को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।







