महिला समेत 3 आरोपी जेल भेजे गए, बोलेरो और मोबाइल बरामद
बस्ती। वाल्टरगंज थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग के जरिए उन्हें प्रताड़ित करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इनमें एक महिला भी शामिल है, जिसे गिरोह की सरगना बताया जा रहा है।
सुबह सदर अस्पताल के सामने दबोचे गए आरोपी
पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह के निर्देश पर गठित टीम ने 6 सितंबर सुबह 7:55 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र में सदर अस्पताल के सामने तीनों आरोपियों को बोलेरो कार (UP51BN 5805) के साथ गिरफ्तार किया। डीआईजी संजीव त्यागी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार आरोपी हैं—प्रियंका चौधरी (पत्नी महेंद्र चौधरी, बावनपार-पैकोलिया, हाल मुकाम गंधार-वाल्टरगंज), रमयनयन चौधरी (पुत्र संपत चौधरी, गंधार-वाल्टरगंज) और विजय प्रकाश (पुत्र भरतराम, पिपरा काजी-पैकोलिया)। इनके खिलाफ कोतवाली में धारा 108 व 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है।
29 अगस्त को की थी थानाध्यक्ष ने आत्महत्या
29 अगस्त 2026 को थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह ने बस्ती कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सरकारी आवास में आत्महत्या कर ली थी। उनके पुत्र संदीप सिंह (आजमगढ़) ने 5 सितंबर को तहरीर दी, जिसके आधार पर जांच शुरू हुई। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और कॉल पैटर्न से चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।
गिरोह का तरीका और अन्य शिकार
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी प्रियंका चौधरी (32 वर्ष) पति से अलग होकर मुंबई में ब्यूटी पार्लर-स्पा में काम करती थी। वह पैसे वाले लोगों को जाल में फंसाकर वीडियो कॉल के जरिए ब्लैकमेल करती और मोटी रकम मांगती थी। पिता रमयनयन और वकील विजय प्रकाश वसूली में मदद करते थे। घटना वाले दिन अंतिम कॉल विजय प्रकाश की थी।
जांच में अब तक चार मामलों का खुलासा हुआ है -डॉ. उमेश (पुरैना, 4 लाख), अहमद रजा (जमदाशाही, 5 लाख), आर्यन दीक्षित उर्फ जितेंद्र (जबलपुर, 15 लाख) और पूर्व थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह। दर्जनों अन्य शिकार होने के संकेत हैं, जिनकी जांच जारी है। करीब दो साल पहले वसूली की रकम से ही आरोपियों ने बोलेरो खरीदी थी।
फिलहाल मामले का खुलासा कर पुलिस ने एक बोलेरो कार और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। कार्रवाई टीम में प्रभारी निरीक्षक बृजानंद सिंह, एसआई अजय कुमार यादव, जयविंद सिंह, शेषनाथ यादव समेत अन्य शामिल रहे। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।







