वरिष्ठ पत्रकार रत्नेश कुमार की आत्मकथा ‘कंधों की पाठशाला और मैं हारा नहीं’ का भव्य विमोचन; डीएम ईशान प्रताप सिंह ने की सराहना
बाराबंकी: कलेक्ट्रेट स्थित डीआरडीए के गांधी सभागार में आयोजित एक गरिमामयी समारोह के दौरान समाजसेवी एवं वरिष्ठ पत्रकार रत्नेश कुमार की आत्मकथा ‘कंधों की पाठशाला और मैं हारा नहीं’ का भव्य लोकार्पण किया गया। पुस्तक का विमोचन जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह, माध्यमिक शिक्षा के संयुक्त निदेशक विवेक नौटियाल, रेडक्रॉस सोसाइटी के प्रदेश महासचिव रामानंद कटियार और अवधी साहित्यकार डॉ. राम बहादुर मिश्र ने संयुक्त रूप से किया।
संघर्षों से उपजी एक सच्ची जीवनगाथा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने कहा कि यह कृति अभावों और अटूट संकल्प की एक ऐसी प्रेरक गाथा है, जो विपरीत परिस्थितियों से जूझ रहे युवाओं का सही मार्गदर्शन करेगी। उन्होंने मातृभाषा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह ‘कंधों की पाठशाला’ युवाओं में मजबूत चरित्र निर्माण का कार्य करेगी।
संयुक्त निदेशक विवेक नौटियाल ने कहा कि यह पुस्तक केवल सफलताओं का बखान नहीं है, बल्कि गरीबी, सामाजिक विषमताओं और संघर्षों के बीच अपनी राह खुद बनाने की मर्मस्पर्शी कहानी है। इसकी मूल आत्मा लेखक के पिता ‘बिरजू’ का संघर्ष है, जिन्होंने मां के निधन के बाद ईंट-भट्ठों पर मजदूरी और खेती-किसानी करते हुए अपने बेटे को कंधों पर बिठाकर पाल-पोसकर काबिल बनाया।
दिग्गजों की मौजूदगी और सराहना
समारोह की अध्यक्षता कर रहे डॉ. राम बहादुर मिश्र ने पिता के स्वाभिमान और ईमानदारी को पुस्तक की सबसे बड़ी पूंजी बताया। वरिष्ठ साहित्यकार श्याम सुंदर दीक्षित ने कहा कि इसमें बचपन की भूख, गरीबी, जातिगत भेदभाव और स्ट्रीट लाइट की रोशनी में पढ़ाई करने जैसे संघर्षों का बहुत ही जीवंत चित्रण किया गया है।
व्यंग्यकार अनिल श्रीवास्तव ‘लल्लू’ के संचालन में हुए इस आयोजन में पूर्व विधायक शिवकरन सिंह, अजय सिंह ‘गुरू’, डॉ. विनय दास, इकबाल राही समेत सैकड़ों साहित्यकार, पत्रकार, समाजसेवी और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अंत में लेखक रत्नेश कुमार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए अपने आत्मकथा लेखन के अनुभव साझा किए।







