काकोरी में इनिशिएटिव फाउंडेशन इंडिया की अनूठी पहल; सरकारी योजनाओं, महिला हेल्प डेस्क और एफआईआर की प्रक्रिया समझकर बढ़ा बेटियों का आत्मविश्वास
लखनऊ: अन्तर्राष्ट्रीय बाल दिवस के अवसर पर काकोरी क्षेत्र की 47 बालिका लीडर्स के लिए एक विशेष शैक्षिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इनिशिएटिव फाउंडेशन इंडिया की इस पहल के तहत बालिकाओं ने काकोरी विकासखंड कार्यालय और पुलिस थाने का दौरा कर सरकारी कामकाज, अपने कानूनी अधिकारों और सुरक्षा व्यवस्था को बेहद करीब से समझा।
ब्लॉक कार्यालय में जानी ग्रामीण विकास की बारीकियां भ्रमण के पहले चरण में बालिकाएं विकासखंड कार्यालय पहुंचीं, जहां खंड विकास अधिकारी (BDO) अमित सिंह परिहार, एडीओ पंचायत पूनम यादव, दिनेश सिंह और एनआरएलएम टीम की पंखुड़ी अग्रवाल ने उन्हें पंचायत व्यवस्था, स्वयं सहायता समूहों (SHG) और जनकल्याणकारी योजनाओं के संचालन की जानकारी दी। इस दौरान बालिका लीडर्स सृष्टि और पुष्पा ने अधिकारियों से सीधे सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाएं शांत कीं।
थाने में समझी ‘मिशन शक्ति’ और एफआईआर की प्रक्रिया दोपहर के सत्र में बालिकाओं ने काकोरी थाने का भ्रमण किया। यहां इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर, एसएसआई राजकुमार गुप्ता और ‘मिशन शक्ति’ टीम की रेखा ने उन्हें महिला एवं बाल सुरक्षा कानून, महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली, शिकायत दर्ज कराने और एफआईआर (FIR) की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। बालिका लीडर्स मुस्कान और गुलाबो ने पुलिस अधिकारियों से संवाद कर कानूनी सहायता से जुड़े अहम पहलुओं को जाना।
बेटियों का बढ़ा आत्मविश्वास, बदलाव की बनीं वाहक
- जागरूकता का संकल्प: बालिका लीडर वार्तिका और चांदनी ने कहा कि सरकारी और पुलिस व्यवस्था को करीब से देखने से उनकी झिझक दूर हुई है। अब वे इन योजनाओं और अधिकारों की जानकारी अपने गांव की अन्य लड़कियों तक भी पहुंचाएंगी। वहीं, आंचल और शिवानी ने थाने में पुलिस से सीधे संवाद को आत्मविश्वास बढ़ाने वाला अनुभव बताया।
- नेतृत्व विकास पर जोर: संस्था के निदेशक अमित कुमार मिश्रा ने कहा कि बेटियों को केवल अधिकारों का ज्ञान देना ही काफी नहीं है, बल्कि उन्हें प्रशासनिक संस्थाओं से जोड़कर संवाद का मंच देना भी आवश्यक है, ताकि वे समाज में सकारात्मक बदलाव का नेतृत्व कर सकें।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में टीम लीडर्स वार्तिका व आंचल सहित हेमा, रानी, पूजा, श्रद्धा, शशि और छाया की सक्रिय भूमिका रही।







