कंगन फाउंडेशन और लायसियम इंस्टीट्यूट की सांस्कृतिक संध्या में बच्चों की प्रतिभा का प्रदर्शन, सात महिलाओं को मिला सम्मान
लखनऊ, 23 नवंबर। शहर से लेकर गांवों तक छिपी प्रतिभाओं को पहचान दिलाने की पहल के साथ लखनऊ में लायसियम टीवी OTT प्लेटफॉर्म का शुभारंभ किया गया। अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान में लायसियम इंस्टीट्यूट और कंगन फाउंडेशन की ओर से आयोजित सांस्कृतिक संध्या में गायन, नृत्य और अभिनय की आकर्षक प्रस्तुतियों के साथ महिला सशक्तीकरण का संदेश भी दिया गया।
लायसियम डिजिसाल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के इस नए प्लेटफॉर्म के माध्यम से टैलेंट हंट प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। आयोजक डॉ. प्रदीप शुक्ला ने बताया कि इसका उद्देश्य छोटे शहरों और गांवों की प्रतिभाओं को अवसर देकर बड़े मंचों तक पहुंचाना है। मार्च 2027 तक चलने वाली प्रतियोगिताओं में गायन, नृत्य और नाटक के प्रतिभागियों को अपनी कला दिखाने का मौका मिलेगा। प्रत्येक वर्ग में प्रथम पुरस्कार एक लाख, द्वितीय 50 हजार और तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपये रखा गया है। विजेताओं को करियर आगे बढ़ाने में भी सहयोग दिया जाएगा।
कार्यक्रम में लखनऊ के अलावा लखीमपुर, हरदोई और सीतापुर से आए बच्चों व युवाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मैत्री सिंह के संचालन में आस्था किरण संस्था के बच्चों की प्रस्तुतियों को खूब सराहना मिली। निधि, आरती मिश्रा और रिद्धिमा सहित अन्य कलाकारों ने गायन और नृत्य से समां बांधा। पारंपरिक चिकनकारी कला की आकर्षक प्रस्तुति भी कार्यक्रम का खास आकर्षण रही।
इस अवसर पर बातिक कला के लिए राष्ट्रपति सम्मान प्राप्त माधुरी, कथक कलाकार सुरभि सिंह, सामाजिक कार्यों के लिए नम्रता तिवारी, डॉ. नित्या वर्मा, शबाहत आफरीन, सोनिया सिंह और सुरैया सिद्दीकी को सम्मानित किया गया।
संयोजक डॉ. विनीता प्रसाद ने बताया कि इस पहल के जरिए प्रतिभागियों को लगातार अपनी कला निखारने और पहचान बनाने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में संतोष श्रीवास्तव, अंकिता मिश्रा, ईशा रतन, मीशा रतन, प्रदीप सिंह, संगीतकार दीपक बाजपेयी और उपलोक मित्रा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।







