हमारे वक्त में कहा जाता था कि पांच मुख्यमंत्री हैं लेकिन इनके यहां तो आठ मुख्यमंत्री हैं, एक सीएम और दो डिप्टी सीएम और दो बोलने वाले, एक घूमने वाले तो वहीं एक दिल्ली से निर्देशित करने वाले !
लखनऊ 12 नवंबर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा तंज करते हुए कहा कि हमारी सरकार में पांच मुख्यमंत्री होने की बात कहने वाले भाजपा की यूपी सरकार को आठ मुख्यमंत्री चला रहे हैं। उन्होंने कहा, यह लोग नफरत फैलाने में आगे हैं और चुनाव में जनता को बहका दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या मैं हिन्दू नहीं हूं, लेकिन यह लोग गाय ले जाने वाले को मारते हैं।
शनिवार को यहां एक निजी कार्यक्रम में सपा मुखिया एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि हमारे वक्त में कहा जाता था कि पांच मुख्यमंत्री हैं लेकिन इनके यहां तो आठ मुख्यमंत्री हैं। एक सीएम और दो डिप्टी सीएम और दो बोलने वाले, एक घूमने वाले तो वहीं एक दिल्ली से निर्देशत करने वाले। उन्होंने यादव परिवार के झगड़े के बाबत कहा कि झगड़े से नुकसान ही होता है। चाहे परिवार का हो या देश समाज का। उन्होंने माना कि उनके परिवार में झगड़ा कुर्सी का था। उन्होंने कहा कि अब जब कुर्सी नहीं बची तो झगड़ा किस बात का।
पूर्व मुख्यमंत्री ने केन्द्र की मोदी सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि डिजिटल इंडिया वाले गाय-गोबर की बात करने लगे हैं। गाय ही क्यों भैंस और घोड़े की भी चिंता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ अधिकारी हमसे आकर कहते हैं कि सीएम कुछ नहीं जानते। वहीं अधिकारी सीएम से कहते हैं कि रिवर फ्रंट में गड़बड़ हुई।
अगर हमने जाति के आधार पर तैनाती की तो अभी पता कर लीजिए कि किसकी तैनाती हुई? उन्होंने कहा हमने यमुना एक्सप्रेस वे का उद्घाटन किया लेकिन हमने कभी उद्घाटित का उद्घाटन नहीं किया। आठ महीने में ही इनके मुख्यमंत्री ने हमारे बनाए अस्पताल और स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का दोबारा उद्घाटन कर दिया। उन्होंने कोई अपना काम किया हो तो बताएं। सैफई में भगवान कृष्ण की मूर्ति लगाने पर अखिलेश ने कहा कि कृष्ण भी मेरे भगवान हैं और राम भी मेरे भगवान हैं लेकिन हमने कभी इनकी तरह प्रचार नहीं किया।

हमारे वक्त में कहा जाता था कि पांच मुख्यमंत्री हैं लेकिन इनके यहां तो आठ मुख्यमंत्री हैं, एक सीएम और दो डिप्टी सीएम और दो बोलने वाले, एक घूमने वाले तो वहीं एक दिल्ली से निर्देशित करने वाले !




