कोलकाता 16 नवंबर। बारिश और खराब रोशनी के कारण भारत और श्रीलंका के बीच गुरुवार से शुरू हुए पहले टेस्ट के पहले दिन का खेल समय से पहले ही समाप्त करना पड़ा। पहले दिन बारिश के कारण ईडन गार्डंस पर केवल 11.5 ओवर ही हो पाये। खेल खत्म घोषित किए जाते समय चेतेश्वर पुजारा 8 और अजिंक्य रहाणे बिना कोई रन बनाए खेल रहे थे। टीम इंडिया ने अपनी पहली पारी में अपने तीन अहम विकेट केवल 17 रनों पर ही खो दिये थे। केएल राहुल (0), शिखर धवन (8) और कप्तान विराट कोहली (0) पर ही पेवेलियन लौट गये। इससे पहले लंकाई टीम के कप्तान ने टॉस जीतकर भारतीय टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया। बारिश के कारण पहले सत्र का खेल नहीं हो पाया। श्रीलंका की ओर से तेज गेंदबाज सुरंगा लकमल के सामने भारतीय बल्लेबाज टिक नहीं पाये। लकमल ने बिना कोई रन दिये तीनों विकेट लिए।
इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और मैच की पहली ही गेंद पर सलामी बल्लेबाज राहुल (0) आउट हो गए। उन्हें लकमल की गेंद पर विकेटकीपर डिकेवला ने कैच किया। यह ओवर मेडन रहा। पांच ओवर के बाद भारतीय टीम ने केवल 8 रन बटोरे। इसके बाद शिखर धवन के रूप में दूसरा विकेट गिरा। धवन 8 रन बनाकर लकमल की गेंद पर बोल्ड हुए। धवन के आउट होने के बाद कप्तान विराट कोहली बल्लेबाजी के लिए आए। आठ ओवर के बाद खराब रोशनी के कारण खेल रोकना पड़ा। इस समय विराट ने अपना खाता भी नहीं खोला था। पहले दिन के शुरुआती दो सत्र में केवल आठ ओवर का खेल संभव हो पाया। चायकाल के बाद टीम इंडिया का तीसरा विकेट गिर गया। पारी के 11वें ओवर में कोहली को लकमल ने पगबाध कर दिया। कोहली ने डीआरएस का भी सहारा लिया लेकिन फैसला उनके खिलाफ रहा। लकमल ने बेहतरीन गेंदबाजी कर भारतीय बल्लेबाजों को कोई अवसर नहीं दिया। उन्होंने अपने सभी छह ओवर मेडन रखते हुए तीन विकेट लिए।







