
लखनऊ 24 नवम्बर, 2017: उप्र भारत स्काउट और गाइड जिला संस्था लखनऊ के स्काउटस और गाइडस की मतदाता जागरूकता रैली को जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा ने क्वींस इण्टर कालेज से हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिला संस्था के अध्यक्ष/जिला विद्यालय निरीक्षक डा. मुकेश कुमार सिंह, रैली के संयोजक एवं प्रादेशिक उपाध्यक्ष डा. आरपी मिश्र, प्रादेशिक सचिव कुसुम मनराल, जिला सचिव इन्द्र प्रकाश श्रीवास्तव, प्रादेशिक संगठन आयुक्त (स्काउट) हंसपाल सिंह, प्रादेशिक संगठन आयुक्त (गाइड) कामिनी श्रीवास्तव, प्रादेशिक प्रशिक्षण आयुक्त (गाइड) देवकी शोभित, उपाध्यक्ष इनायत उल्लाह खाॅ, डीओसी (गाइड) मधु पाण्डेय, डीओसी (स्काउट) विश्वजीत सिंह, विद्यालय प्रधानाचार्य मनोज कुमार प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

रैली के शुभारम्भ के अवसर पर जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा ने कहा कि 26 नवम्बर को होने वाले स्थानीय निकाय निर्वाचन आपके शहर की सड़कें, बिजली, पानी आदि सुविधाओं की व्यवस्था से जुड़ा है। इसके लिये आवश्यक है कि शत-प्रतिशत मतदान के द्वारा अच्छे प्रतिनिधि चुने जाये जिससे वह आप की सुख सुविधाओं के लिये कार्य करें। उन्होंने यह भी कहा कि लखनऊ चुनाव में लगभग 40 प्रतिशत मतदान होता रहा है जिससे 60 प्रतिशत मतदाताओं का प्रतिनिधित्व छूट जाता है। शत-प्रतिशत मतदान कराने के संकल्प के साथ भारी संख्या में मौजूद स्काउट्स और गाइड्स द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता रैली निकालकर मतदाताओं को प्रेरित करने का कार्य सराहनीय है। इसके लिये हम स्काउट्स/गाइड्स और आयोजकों को बधाई देते है।
जिला संस्था के अध्यक्ष एवं जिला विद्यालय निरीक्षक डा. मुकेश कुमार सिंह ने रैली में प्रतिभाग करने वाले स्काउट्स और गाइड्स के उत्साह की प्रशंसा की और कहा कि कल जिन विद्यालयों में निर्वाचन बूथ नहीं है उन विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को समीप के क्षेत्रों में छात्रों द्वारा रैली निकालने के निर्देश दिये गये है।
रैली संयोजक डा. आरपी मिश्र एवं जिला सचिव इन्द्र प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि मतदाता जागरूकता रैली में 46 विद्यालयों से 1378 स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, और रेंजर्स के साथ ही विभिन्न विद्यालयों के स्काउट मास्टर और गाइड कैप्टन तथा प्रधानाचार्य भी सम्मिलित थे। जिलाधिकारी द्वारा हरी झण्डी दिखाने के बाद मतदाता जागरूकता रैली क्वींस इण्टर कालेज, लालबाग से बापू भवन चैराहा, विधान सभा मार्ग, हजरतगंज चैराहा, अशोक मार्ग, सप्रू मार्ग और सहारागंज के सामने से महाराणा प्रताप मार्ग होते हुये नेशनल इण्टर कालेज क्राड़ा स्थल पर समाप्त हुई।






