- UPPCL आयोग को अपने तरीके से चलाने कोशिश कर रहा हैं: उपभोक्ता परिषद
- बिजली दर में चुनाव बाद व्यापक बढ़ोत्तरी व सोलर पावर की उच्च दरों पर उपभोक्ता परिषद अध्यक्ष ने शुरू की लामबन्दी आज राज्य सभा सेके्रटरी जनरल श्री देश दीपक वर्मा से लखनऊ आगमन पर उनसे की मुलाकात और की विस्तार से चर्चा
- उपभोक्ता परिषद ने गुजरात सहित पूरे देश के अनेकों किसान नेताओं उपभोक्ता नेताओं से साधा सम्पर्क और भविष्य में व्यापक बिजली दर बढ़ोत्तरी पर बनायी रणनीति
लखनऊ 26 नवंबर। पावर कारपोरेशन द्वारा नियामक आयोग पर दबाव डालकर 29 नवम्बर के बाद प्रदेश के विद्युत उपभोक्ताओं की बिजली दरों में व्यापक बढ़ोत्तरी कराये जाने को लेकर उपभोक्ता परिषद ने अपनी लामबन्दी शुरू कर दी है उसी क्रम में आज उप्र राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष व विश्व ऊर्जा कौंसिल के स्थायी सदस्य अवधेश कुमार वर्मा ने राज्य सभा के सेक्रेटरी जनरल श्री देश दीपक वर्मा पूर्व नियामक आयोग चेयरमैन से लखनऊ आगमन पर उनके आवास राजभवन में उनसे मुलाकात की और विस्तार से बिजली दर सहित सोलर पावर के मुद्दे पर चर्चा की।
उपभोक्ता परिषद अध्यक्ष ने राज्य सभा सेके्रटरी जनरल के सामने प्रदेश में बिजली सम्बन्धी उपभोक्ताओं की समस्याओं को उठाते हुये विशेष तौर पर यह बात उनके संज्ञान में लायी कि वर्तमान में पावर कारपोरेशन नियामक आयोग जैसी स्वतंत्र अर्द्ध न्यायिक संस्था पर दबाव डालकर उपभोक्ता परिषद सहित उपभोक्ताओं की बिजली दर सम्बन्धी आपत्तियों पर बिना सही जवाब प्राप्त किये प्रदेश के ग्रामीण विद्युत उपभोक्ताओं की दरों में लगभग 350 प्रतिशत किसानों की 80 प्रतिशत व आम जनमानस की दरों 12 से 15 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी कराने के षडयंत्र में लगा है। अब तक कभी भी उर्जा क्षेत्र के इतिहास में ऐसा नहीं हुआ कि पावर कारपारेशन द्वारा आयोग को अपने तरीके से चलाने के लिये विवश किया जा रहा है और जिसका खामियाजा उपभोक्ता भुगत रहे हैं। विगत दिनों सोलर पावर की उच्च दरें लगभग रू0 7.02 प्रति यूनिट आयोग पर दबाव डालकर तय कराना गम्भीर मामला है।
सेक्रेटरी जनरल राज्य सभा श्री देश दीपक वर्मा ने उपभोक्ता परिषद द्वारा उठाये गये समस्त मुद्दों को गम्भीरता से सुना और विस्तार से समझा।
वहीं दूसरी ओर उपभोक्ता परिषद अध्यक्ष ने ग्रामीण व किसानों की बिजली दरों में चुनाव बाद व्यापक बढ़ोत्तरी के मद्देनजर अपनी लामबन्दी तेज करते हुये आज कन्ज्यूमर कोआर्डिनेशन कमेटी के अध्यक्ष पूर्व सांसद गुजरात श्री रामजी भाई मवानी उपाध्यक्ष श्री अभिषेक श्रीवास्तव, भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव श्री राकेश टिकैत,भारतीय जनता पार्टी के अनुसांगिक भारतीय किसान संघ के राष्ट्रीय संगठन सचिव श्री दिनेश दात्रेय कुलकर्णी सहित किसान सभा उत्तर प्रदेश के महासचिव मुकुट सिंह से भी इस मुद्दे पर विस्तार से बात की गई सभी ने उपभोक्ता परिषद को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।






