लखनऊ: 1 दिसम्बर, 2017: उत्तर प्रदेश के राज्यपाल श्री राम नाईक ने आज लालकुंआ स्थित रिसालदार बुद्ध विहार में बौद्ध धर्मगुरू प्रज्ञानन्द जी के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर अपनी एवं प्रदेश की जनता की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की।
राज्यपाल ने कहा कि भारत का श्रीलंका से पुराना संबंध रहा है। भगवान राम श्रीलंका गये और प्रज्ञानन्द जी श्रीलंका से भारत आये और भारत में ही रहे। बौद्ध भिक्षु भन्ते प्रज्ञानन्द जी का जन्म 18 दिसम्बर, 1928 को श्रीलंका में हुआ। बाबा साहब को धम्म की दीक्षा देने वाले धर्मगुरूओं में से वे एक थे। उन्होंने बौद्ध धर्म के प्रचार का कार्य किया। उन्होंने कहा कि प्रज्ञानन्द जी वास्तव में दोनों देशों की सांस्कृतिक एकता के संवाहक थे।
राज्यपाल ने हजरत मोहम्मद साहब के जन्म दिवस पर बधाई दी
उत्तर प्रदेश के राज्यपाल श्री राम नाईक ने समस्त प्रदेशवासियों, विशेषकर मुस्लिम भाई-बहनों को हजरत मोहम्मद साहब के जन्म दिवस ‘ईद-मिलादुन्नबी’ पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके मंगलमय जीवन की कामना की है।
राज्यपाल ने बारावफात के अवसर पर जारी अपने बधाई सन्देश कहा है कि हजरत मोहम्मद साहब ने इंसान को इंसान से जोड़ने, आपसी भाईचारा, दूसरे धर्मों के प्रति सम्मान व एकता की जो तालीम दी थी, वह किसी वर्ग विशेष के लिए नही बल्कि पूरी मानवता के लिए थी। उन्होंने कहा कि हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं।






