दुबई । क्रिकेट में सट्टेबाजी का मामला सामने आया है। इस बार इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने उन तीन क्रिकेट कप्तानों के नाम बताए हैं जिन्हें सट्टेबाजों ने फिक्सिंग के लिए बड़ी रकम ऑफर की थी, लेकिन उन कप्तानों ने इनकार कर दिया था और इसकी सूचना आईसीसी को दे दी। इससे साफ है कि खेल की लोकप्रियता बढ़ने के साथ ही इसमें सटोरिये भी सक्रिय हो गये हैं।
एक रिपोर्ट के मुताबिक फिलहाल इन तीन क्रिकेटर्स में से दो के नामों का खुलासा हुआ है। इसमें पहला नाम पाकिस्तान की टीम के कप्तान सरफराज अहमद का है। आईसीसी चैम्पियन्स ट्रॉफी जीतने वाले कप्तान सरफराज को सट्टेबाजों ने इस साल अक्टूबर में श्रीलंका के खिलाफ हुई वनडे मैचों की सीरीज से पहले संपर्क किया था। उनसे सट्टेबाजों ने क्रिकेट के प्रधान कानूनों को तोड़ने की मांग की थी और इसके लिए उन्हें बड़ी रकम भी ऑफर की गई थी, लेकिन सरफराज ने सट्टेबाजों को मना करते हुए इस बात की जानकारी आईसीसी एंटी-करप्शन यूनिट को दे दी थी। वहीं दूसरा नाम इस लिस्ट में जिम्बाब्वे के कप्तान ग्रीम क्रेमर का है। सट्टेबाजों ने क्रेमर से वेस्ट इंडीज के साथ अक्टूबर में हुई टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले संपर्क किया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक आईसीसी इंटरनेशनल क्रिकेट के स्तर को बेहतर बनाने के लिए इस तरह के सात ‘लाइव’ मामलों की जांच कर रही है। क्रिकेटर्स को फिक्सिंग में शामिल करने के लिए सट्टेबाज भारी भरकम रकम की पेशकश करते हैं।







