लखनऊ 19 दिसम्बर। गुंटूर (आंध्र प्रदेश) में हुई राष्ट्रीय इंटर यूनिवर्सिटी एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कामयाबी की नई परिभाषा गढ़कर पदक जीतने वाली वाली लखनऊ हॉस्टल की एथलीटों का केडी सिंह बाबू स्टेडियम में जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान लखनऊ एथलेटिक्स संघ के पदाधिकारियों ने पदक विजेता विजयालक्ष्मी व खुशबू का मिठाई खिलाकर और फूल माला पहनाकर स्वागत किया। इन एथलीटों ने भी वायदा किया वह भविष्य में इससे भी उम्दा प्रदर्शन करेंगी।
गत 14 से 17 दिसम्बर तक हुई इस चैंपियनशिप में लखनऊ हास्टल की विजयालक्ष्मी ने 3000 मी.स्टीपल चेज में नए रिकार्ड के साथ रजत पदक जीता। विजयालक्ष्मी ने इस चैंपियनशिप में 1500 मी.दौड़ का कांस्य भी झटका। वहीं लखनऊ हास्टल की ही खुशबू गुप्ता ने चैंपियनशिप में 3000 मी.स्टीपल चेज में नया रिकार्ड बनाया लेकिन समय के अंतर के चलते उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
इसमें विजयालक्ष्मी ने पिछले साल हुई राष्ट्रीय इंटर यूनिवर्सिटी एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 3000 मी.स्टीपल चेज में नए रिकार्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता था।
खुशबू इससे पूर्व विजयवाड़ा में हुई राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में नए मीट रिकार्ड के साथ 3000 मीटर स्टीपलचेज दौड़ में स्वर्ण पदक विजेता रहीं है।
जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव बीआर वरुण, सौ मीटर दौड़ के पूर्व राष्ट्रीय धावक पीएन मिश्र, जिला संघ के पूर्व सचिव आरएस बिंंद्रा, विभा सिंह और बाधा दौड़ के पूर्व राष्ट्रीय एथलीट हरीश पाल ने सभी एथलीटों को फूल माला पहनाकर सम्मान किया।
पदक विजेता एथलीटों विजयालक्ष्मी व खुशबू ने बताया कि उन्हें पता है कि वह खेल में से अपना कॅरियर बना सकती हैं। इसलिए जीतोड़ मेहनत करती हैं।
जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव बीआर वरुण ने बताया कि चैंपियन एथलीटों के सम्मान की जो प्रथा जिला एथलेटिक्स संघ ने शुरू की है वह अन्य एथलीटों को भी आगे बढऩे के लिए प्रेरित करेगी।
वहीं लखनऊ हास्टल के इन एथलीटों की सफलता पर खेल निदेशक डा.आरपी सिंह व क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी जितेंद्र यादव ने भी खुशी जताई।






