मुंबई पुलिस का इनकार, अभी जिंदा हैं शकील
मुंबई 22 दिसम्बर। दाऊद के दाहिने हाथ छोटा शकील की मौत से जुड़ी खबरें लगातार सामने आ रही हैं इसके साथ ही शकील की मौत से जुड़े कई दावे एक ही कहानी कहते दिखते हैं। तीन महीने पहले ही मुंबई के एक जर्नलिस्ट को पहचान जाहिर न करते हुए एक अपुष्ट सूत्र से शकील की मौत से जुड़ी खबर मिली है,जिसमें कहा गया है कि रूस के एक आलीशान होटल में उसकी मौत हो गई है। एक अन्य रिपोर्ट में भी रूस से आ रहे इन दावों में कई डिटेल्स दी गई हैं।
गुरुवार को कहीं और नहीं बल्कि मुंबई पुलिस के नेटवर्क से ही शकील की मौत की खबर आई। एक अंग्रेजी अखबार में छपी इस खबर के बारे में पुलिस आयुक्त दत्तात्रय पडसलगीकर ने कहा कि हमारे पास इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। इस मामले में महाराष्ट्र एटीएस के प्रमुख अतुलचंद्र कुलकर्णी ने भी जवाब दिया था, नो आइडिया। जहां शकील का परिवार इन खबरों को नकार रहा है,वहीं डी-कंपनी के सदस्यों का कहना है कि इस तरह की खबरें अपना मतलब निकालने के लिए मीडिया में आ रही हैं।
पहचान छुपाने की शर्त पर एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया कि शकील मुंबई में अपने परिवार से बात कर रहा है। अधिकारी ने कहा,जितनी हमें जानकारी है,उसके हिसाब से शकील जिंदा है और हरकत कर रहा है। इन दावों के बीच यह बात साफ है कि शकील अब डी-कंपनी के सीईओ के रूप में दाऊद के बाद काम संभाल रहा है क्योंकि दाऊद ने ग्रुप की कई जिम्मेदारियों से छुट्टी ले ली है। शकील का इस तरह कंपनी का हिस्सा बनना दाऊद के भाई अनीस अहमद के लिए मुश्किलें खड़ी कर रहा है,जो खुद को उत्तराधिकारी के रूप में देख रहा है। यह समीकरण गैंग के एक हिस्से को शकील की मौत से जुड़ी अफवाहें फैलाने के लिए प्रेरित कर सकता है। खुफिया सूत्र बताते हैं कि 59 साल के शकील की सबसे बड़ी उपलब्धि दाऊद को उसके दो भाइयों हुमांयू और मुस्तकीन को मुंबई न भेजने के लिए राजी करना है।
दाऊद का कहना था कि भारत में डी-गैंग के ऑपरेशन को देखने के लिए दोनों को इसलिए भेजा जा सकता है क्योंकि दोनों के रिकॉर्ड क्लीन हैं। शकील को डर था कि इससे भारत में उसकी पकड़ कमजोर हो जाएगी और यह दोनों बड़े नाम बन जाएंगे। उसने दाऊद को यकीन दिलाया कि 26/11 हमले के बाद मुंबई में हालात ठीक नहीं हैं, और दाऊद ने दोनों को भारत नहीं भेजा। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी का कहना है कि शकील एक चालाक खिलाड़ी है, उसे पता है कि गैंग पर अपनी पकड़ कैसे मजबूत रखनी है। नाम न बताने की शर्त पर एक अन्य अधिकारी ने कहा, ‘हमने ऐसी एक भी बात ट्रेस नहीं की है,जिससे पता चलता हो कि शकील की मौत हुई है। दूसरी ओर,पाकिस्तान में विशेषज्ञों का मानना है कि शकील की मौत की रिपोर्ट भारत सरकार के हवाले से जारी हुई है।







