कोच्चि, 17 जून प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोच्चि मेट्रो के प्रथम चरण को आज राष्ट्र को समर्पित किया । उन्होंने कुछ दूरी तक मेट्रो में सफर भी किया और इसकी कई महत्वपूर्ण विशेषताओं, खासकर ट्रांसजेंडरों और महिलाओं को रोजगार दिए जाने की तारीफ की ।
परियोजना को राष्ट्र को समर्पित करने के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि एक जनोन्मुखी रवैया अपना कर और भूमि के उपयोग एवं परिवहन को एकीकृत कर शहरी योजना तैयार करने की पहल में आमूलचूल बदलाव लाने की जरूरत है ।
उन्होंने कोच्चि मेट्रो रेल प्रणाली में करीब 1,000 महिलाओं और 23 ट्रांसजेंडरों को रोजगार दिए जाने की तारीफ की ।
केरल के राज्यपाल पी. सदाशिवम, मुख्यमंत्री पी. विजयन, केंद्रीय शहरी विकास मंत्री एम. वेंकैया नायडू और ‘मेट्रो मैन’ ई. श्रीधरन सहित कई गणमान्य लोगों के साथ सफर करने के कुछ देर बाद प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, ”……भविष्य की आधारभूत संरचना जो भारत की संवृद्धि में योगदान करेगी ।”
केंद्रीय शहरी विकास सचिव राजीव गॉबा, केरल की मुख्य सचिव नलिनी नेट्टो और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष कुम्मनम राजशेखरन ने भी प्रधानमंत्री के साथ यात्रा की ।
मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार ने देश के समग्र आधारभूत संरचना विकास पर विशेष ध्यान दिया है ।
Add A Comment







