विकास ने कहा है कि वो अपनी प्राइज मनी को अर्शी खान और ज्योति कुमार को देने वाले है
नई दिल्ली, 17 जनवरी। रिएलिटी शो बिग बॉस खत्म हो गया है और सभी मुश्किलों का सामना करते हुए शिल्पा शिंदे ने सीजन 11 का खिताब अपने नाम कर लिया है। इस सीजन में ‘मास्टरमाइंड’ का दर्जा पाने वाले विकास गुप्ता भी टॉप 3 में जगह बनाने में कामयाब हुए। इस शो के आखिरी टास्क में जीत हासिल कर विकास गुप्ता ने प्राइज मनी में से 6 लाख रूपये अपने नाम कर लिए थे। इसके बाद विकास ने कहा है कि वो अपनी प्राइज मनी को अर्शी खान और ज्योति कुमार को देने वाले है।
अब फिनाले खत्म होने के बाद विकास गुप्ता जब घर से बाहर आए तो उन्होंने ये बात कही। विकास ने कहा,हां,मैं उन दोनों को तीन-तीन लाख रूपये दूंगा। ज्योति हमेशा मेरे साथ खड़ी रही। उसने तो एक बार सभी को चिल्लाते हुए ये कहा था कि विकास भाई को कोई एक शब्द नहीं करेगा। मुझे 20 साल की उस लड़की से बहुत सीखने को मिला। इस घटना से मुझे उस घर में रहने की हिम्मत मिली। वहीं अर्शी ने भी हमेशा मेरा बचाव किया। उस शो से ज्यादा हमेशा ही मेरी फिक्र रही।
बता दें कि शुरू में विकास और अर्शी की बॉन्डिंग इस घर में बहुत अच्छी रही। अर्शी के जाने के बाद विकास दुखी थे। वहीं ज्योति कुमार कुछ दिन ही इस घर में रही लेकिन विकास का उन्होंने बहुत साथ दिया। बता दें कि बिग बॉस के विजेता को कुल 50 लाख रूपये मिलते हैं लेकिन इस बार शिल्पा शिंदे को 44 लाख रुपये मिले हैं। विकास गुप्ता के चलते शिल्पा शिंदे की इनामी राशि कम हो गई। आखिरी टास्क में विकास गुप्ता को बिग बॉस ने कैश प्राइज जीतने का मौका दिया था। इस टास्क में विकास गुप्ता 6 लाख रुपये जीतने में कामयाब हुए।






