पूरे जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गए
श्रीनगर, 25 जनवरी। गणतंत्र दिवस के मौके पर जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी हमले की आशंका जताई जा रही है। इसके मद्देनजर घाटी के तमाम इलाकों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार एजेंसियों ने एक कॉल इंटरसेप्ट करने के बाद भारतीय सेना को इनपुट भेजा है, जिसके मद्देनजर उसने घाटी में अलर्ट जारी कर छानबीन शुरू कर दी है। यहां आने वाली सभी गाड़ियों की कड़ाई से चैकिंग की जा रही है।

सीआरपीएफ में कश्मीर के आईजी रणदीप सिंह शाही का कहना है कि उन्हें एक इनपुट के जरिए सूचना मिली थी कि घाटी में 26 जनवरी के मौक पर आत्मघाती हमला हो सकता है। वक्त की नजाकत को देखते हुए पूरे जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर दिए गए हैं। सीमा सुरक्षा को भी पहले से ज्यादा सख्त कर दिया गया है। घाटी में आने वाली हर गाड़ी की तलाशी ली जा रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि घाटी के तमाम इलाकों पर पुलिस निगाहें बनाए हुए हैं। इन हालातों के बीच बुधवार तड़के सीआरपीएफ की टीम ने एक प्रेशर कुकर से आईईडी बम बरामद किया है। जानकारी के मुताबिक यह बम कंधीजल-तेंपोपोरा गांव के निकट के बाइपास से बरामद किया गया। पुलिस इसे पंपोर रेलवे स्टेशन के पास लेकर आई और डिफ्यूज किया।
गौरतलब है कि गणतंत्र दिवस से पहले राजधानी दिल्ली भी हाई अलर्ट पर है। पुलिस और सेना को सूचना मिली थी कि दिल्ली को अशांत करने के लिए दो आतंकवादी सक्रिय हैं। इन दोनों की तलाश में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, इंटेलिजेंस ब्यूरो और यूपी एटीएस का साझा सर्च ऑपरेशन जारी है।







