दलित अभियन्ताओं ने मांगा सुरक्षा और सम्मान और कहा दोषियों की तत्काल हो गिरफ्तारी
- दलित उप खण्ड अधिकारी, इटावा व दलित अवर अभियन्ता के साथ असामाजिक तत्वों द्वारा मार-पीट कर हाथ तोड़ने की हुयी घटना
- एसोसिएशन ने किया ऐलान दलित अभियन्ताओं पर हमले हों बन्द नहीं तो होगा पूरे प्रदेश में कार्य बहिष्कार और सड़क पर आन्दोलन
इटावा, 22 फरवरी। बदायूं में दलित अधिशासी अभियन्ता पर हमले का मामला अभी शान्त भी नहीं हुआ था कि आज जनपद इटावा में ‘विद्युत चोरी रोका अभियान’ के दौरान दलित उप खण्ड अधिकारी, श्री अजय कुमार गौतम व दलित अवर अभियन्ता, श्री कन्हैया लाल के ऊपर दबंग प्रवृत्ति के प्रधान व उसके परिवारीजनों ने हमला कर दिया और दौड़ा-दौड़ाकर पीटा जिससे उप खण्ड अधिकारी का हाथ टूट गया। घटना की खबर लगते ही पूरे बिजली विभाग के दलित अभियन्ताओं में काफी गुस्सा व्याप्त हो गया। उसी क्रम में बिजली विभाग में दलित व पिछड़ों के शीर्ष उप्र पावर आफिसर्स एसोसिएशन की एक आपात बैठक फील्ड हास्टल कार्यालय में बुलायी गयी, जिसके बाद दलित अभियन्ताओं ने यह ऐलान कर दिया है कि यदि दलित अभियन्ताओं पर हमले न रूके और उन्हें सुरक्षा न दी गयी तो वह पूरे प्रदेश में आन्दोलन कर कार्य का बहिष्कार करने के लिये विवश होंगे और सड़क पर उतर कर आन्दोलन करेंगे।
उप्र पावर आफिसर्स एसोसिएशन के कार्यवाहक अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा, अति. महासचिव अनिल कुमार, सचिव आरपी केन, संगठन सचिव, अजय कुमार, राधेश्याम, रंजीत कुमार व केसी आजाद ने बैठक के बाद यूपी सरकार से यह मांग उठायी कि दलित अभियन्ताओं को सुरक्षा व सम्मान दिया जाये।यह दुर्भाग्य की बात है कि सपा सरकार में दलित कार्मिकों को रिवर्ट कर अपमानित किया गया और वर्तमान सरकार में उनके साथ मारपीट की घटनायें आम हो गयी हैं, जिससे पूरे प्रदेश के दलित अभियन्ताओं में काफी रोष व्याप्त है। एसोसिएशन के केन्द्रीय पदाधिकारियों द्वारा पावर कार्पोरेशन प्रबन्धन व प्रबन्ध निदेशक, दक्षिणांचल से भी बात की गयी है और अविलम्ब दोषियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही कराने की मांग की गयी है।
दलित उप खण्ड अधिकारी व दलित अवर अभियन्ता द्वारा थाने में एफआईआर कराने का प्रार्थना-पत्र सौंप दिया गया है। यूपी सरकार की यह नैतिक जिम्मेदारी है कि वह अविलम्ब दोषियों के खिलाफ कार्यवाही कर उन्हें दण्डित कराये और अवर अभियन्ताओं को सुरक्षा प्रदान कराये।
पढ़े इससे सम्बंधित खबर:
https://shagunnewsindia.com/pressnote-dali-abhiyanta/






