सीबीआई की FIR में 11 आरोपियों के साथ कैप्टन अमरिंदर सिंह के दामाद का भी नाम
दामाद पर दर्ज हुआ 97.85 करोड़ के बैंक लोन फ्रॉड का केस
बैंक से लोन लेकर किसानों को देने की बज़ाय निजी इस्तेमाल में किया ख़र्च
नई दिल्ली, 26 फरवरी। पीएनबी जैसे महाघोटाले के बाद अब पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के दामाद गुरमीत सिंह मान पर 97.85 करोड़ के बैंक लोन फ्रॉड का केस दर्ज हुआ है। गुरमीत सिंह मान का चीनी का मिल है जो कि देश की सबसे बड़ी चीनी मिलों में से एक है। सीबीआई ने सिंभौली शुगर्स लिमिटेड, उसके चेयरमैन गुरमीत सिंह मान, डिप्टी जेनरल मैनेजर गुरपाल सिंह समेत अन्य लोगों पर 97.85 करोड़ रुपये की कथित बैंक लोन फ्रॉड का केस दर्ज किया है।
कंपनी के कॉरपोरेट और रजिस्टर्ड दफ्तरों सहित आठ ठिकानों पर ली गयी तलाशी
सीबीआई के प्रवक्ता अभिषेक दयाल ने इस पूरे मामले के बारे में बताया कि एजेंसी ने निदेशक के आवास, कारखाने, दिल्ली, हापुड़ और नोएडा स्थित कंपनी के कॉरपोरेट और रजिस्टर्ड दफ्तरों सहित आठ ठिकानों पर तलाशी ली गयी है।
इतना बड़ा कर्ज सन 2011 में लिया गया था
कंपनी पर बैंक की ओर से जो शिकायत दर्ज की गयी है उसमें यह बताया गया है कि कंपनी ने साल 2011 में 97.85 करोड़ रुपये का लोन ओरिएंटल बैंक से लिया था। यह लोन रिजर्व बैंक की ओर से गन्ना किसानों के लिए लायी गई योजना के तहत मंजूर किया गया था। साथ ही इस रकम को गन्ना किसानों को आर्थिक मदद के रूप में बांटना था। लेकिन कंपनी ने फर्जीवाड़ा करके इस रकम को अपने काम के लिए खर्च कर लिया और किसानों के बीच इस रकम को नहीं बांटा।







