नई दिल्ली 16 मार्च-2018। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मानहानि के मामले में अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया से माफी मांग ली है। उनके इस फैसले का उनकी पार्टी के ही कई नेताओं ने विरोध किया है। कुमार विश्वास और पार्टी की पंजाब इकाई ने अरविंद केजरीवाल पर तीखी टिप्पणी की है। सूत्रों की मानें, तो केजरीवाल अपने बाकी बचे मानहानि के मामलों में भी माफी मांग सकते हैं। इस तरह का सबसे बड़ा मामला अरविंद केजरीवाल बनाम अरुण जेटली का है। जेटली ने केजरीवाल के अलावा आशुतोष, कुमार विश्वास, संजय सिंह, राघव चड्ढा और दीपक बाजपेयी पर मानहानि का मुकदमा किया था।
इन नेताओं ने डीडीसीए में अरुण जेटली के अध्यक्ष रहने के दौरान भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था, जिस पर जेटली ने 10 करोड़ की मानहानि का दावा किया है। लेकिन अभी जनवरी में दिल्ली में हुई जीएसटी काउंसिल की बैठक में जेटली और केजरीवाल साथ नज़र आए थे। उधर, केजरीवाल ने 2014 में बीजेपी अध्यक्ष रहे नितिन गडकरी पर भी आरोप लगाए थे। उन्होंने गडकरी का नाम सबसे भ्रष्ट नेताओं की सूची में जारी किया था। इसके बाद गडकरी ने उन पर मानहानि का केस दायर किया था। इस मामले में मजिस्ट्रेट कोर्ट ने केजरीवाल के खिलाफ फैसला सुनाया था, जिसके बाद वह दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचे थे। हालांकि, 2015 में उन्होंने दिल्ली हाईकोर्ट से मामला वापस ले लिया था। अब सूत्र कह रहे हैं कि केजरीवाल अपने खिलाफ चल रहे मानहानि के सभी मामलों में संबंधित नेताओं से माफी मांगेंगे।







