बर्मिंघम । भारत की स्टार महिला खिलाड़ी पीवी सिंधू ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप के महिला वर्ग के क्वार्टरफाइनल में पहुंच गयी हैं। सिंधू ने एक घंटे से अधिक समय तक चले मुकाबले में थाईलैंड की निचोन जिंदापोल को 21-13, 13-21, 21-18 से हराया।
सिंधु का इस जीत के साथ ही जिंदापोल के खिलाफ 3-1 का रिकॉर्ड हो गया है।
ओलम्पिक रजत विजेता सिंधू ने पहले गेम में 9-3 की बढ़त बनाने के बाद आसानी से 21-13 से मैच पर कब्जा कर लिया पर दूसरे गेम में जिंदापोल ने जबरदस्त वापसी करते हुए यह गेम 21-13 से जीतकर मैच को निर्णायक गेम में पहुंचा दिया। निर्णायक गेम में दोनों खिलाडिय़ों के बीच एक-एक अंक के लिए जमकर संघर्ष हुआ।
सिंधू ने 12-16 से पिछडऩे के बाद पांच अंक लेकर 17-16 की बढ़त बना ली। स्कोर फिर 18-18 से बराबर हुआ पर सिंधू ने लगातार तीन अंक लेकर 21-18 से गेम निपटाते हुए अंतिम आठ में जगह बनाई। इससे पहले भारत के ही एच एस प्रणय ने आठवीं वरीयता प्राप्त चीनी ताइपे के तिएन चेन को एक घंटे पांच मिनट तक चले संघर्ष में 9-21, 21-18, 21-18 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनायी जहां उनका मुकाबला इंडोनेशिया के टॉमी सुगियार्तो से होगा। दोनों के बीच यह पहला मुकाबला होगा।







