मेले पर लांच हुआ पोस्टर: मेले की थीम ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’, हुआ पोस्टर लांच
लखनऊ, 11 अप्रैल। रिजर्व बैंक के सामने संगीत नाटक अकादमी गोमतीनगर में 27 अप्रैल से प्रारम्भ होने वाला लखनऊ पुस्तक मेला इस बार एकदम नये कलेवर में होगा। इस बार पुस्तक मेले की थीम ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ रखी गई है। मेले में इसबार पुस्तक प्रेमी यहां अनेक अध्यात्मिक आयोजनों, नाट्य-संगीत आयोजनों के साथ साहित्यकारों के साक्षात्कार कर सकेंगे। इस बार अंकुरम शिक्षा महोत्सव का आयोजन के साथ एफएम रेनबो की प्रतियोगिता सुर तरंग का ग्रैण्ड फिनाले भी मेले में होगा।

शीरोज़ हैंगआउट गोमतीनगर में आयोजित पत्रकार वार्ता में पोस्टर लांच करते हुए आयोजक मनोज सिंह चंदेल ने पत्रकारों को बताया कि नयी जगह नये कलेवर में छह मई तक चलने वाले मेले का उद्घाटन करने 27 अप्रैल को षाम 5.00 बजे मुख्यअतिथि के तौर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डा.दिनेश शर्मा को आमंत्रित किया गया है।
मेले में नई टेक्नालाॅजी से छपी पुस्तकों के साथ मेले में ई-बुक, सीडी, डीवीडी, एमपी थ्री के भी अनेक स्टाल स्टेशनरी, टीचरों व स्कूलों के लिए उपयोगी सामग्री के होंगे। इस मेले में बहुत से नये प्रकाशक अपने साहित्य के साथ स्टालों पर होंगे। इस मेले में लगभग 70 स्टाल होंगे। मेले में आने वाले प्रमुख प्रकाशकों में नये प्रकाशकों में डायमण्ड बुक्स, स्काॅलिस्टक, वेस्टलैण्ड, प्रकाशन संस्थान, सेण्टर फार साइंस एण्ड इन्वार्यनमेण्ट दिल्ली, पब्लिकेशन डिवीजन भारत सरकार, फाउण्टेन इंक ब्राडकास्टिंग एण्ड पब्लिषिंग चेन्नई, ईशा फाउण्डेशन कोयम्बटूर, आईआरएच प्रेस इण्डिया मुम्बई, दि गिडिओन्स इंटरनेशनल, विलायत फाउण्डेशन, विधि बुक्स अहमदाबाद, जय बुक्स मुम्बई, राजा बुक्स, द स्टूडेण्ट बुक सेण्टर, पदम बुक कंपनी तिरुमाला साफ्टवेयर, ओशो विचार, साक्षी प्रकाशन आदि प्रमुख हैं। मेले के समापन पर छह मई को पुरस्कार व स्मृतिचिह्न वितरण समारोह होगा। मेले में हमेशा की तरह प्रवेश निःशुल्क होगा और मेला प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात नौ बजे तक जारी रहेगा।
प्रदेश में सरकारी प्राथमिक विद्यालयों के रूपान्तरण के लिए अंकुरम कार्यक्रम और पुस्तक मेले में अंकुरम शिक्षा महोत्सव संचालित कर रहे आईकेयर इंडिया के संस्थापक श्री अनूप गुप्ता ने बताया कि हमारा मकसद प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों व अध्यापकों को प्रोत्साहित करना है। इस महोत्सव में गुणवत्तापरक प्राथमिक शिक्षा, कृषि एवं दुग्ध उत्पादन, स्वास्थ्य, खेल आदि पर विशेषज्ञों की उपस्थिति में आम जनमानस मुख्यतः युवाओं को जागरूक व प्रेरित करने वाले कार्यक्रम भी होंगे। इस युवाओं-बच्चों का स्वच्छता मुहिम चलेगा।
मेले के बारे में सहसंयोजक व उत्तर प्रदेश ओलम्पिक संघ के उपाध्यक्ष टीपी हवेलिया ने बताया कि मेले में कवि सम्मेलन-मुशायरे का आनन्द लेने के साथ लोगों को लेखकों-कवियों के साथ बात करने के मौके मिलेंगे। स्थानीय लेखकों की पुस्तकों के लिए भी एक स्टाल होगा। एकदम निःशुल्क प्रवेश वाले इस मेले में जहां इस पुस्तक मेले में किताबों पर न्यूनतम 10 प्रतिशत तक छूट हर खरीदार को मिलेगी वहीं पुस्तक प्रेमियों को बहुत कुछ नया देखने को मिलेगा।







