- बाबा साहब की जयन्ती पर संघर्ष समिति द्वारा पूरे प्रदेश में दो दिन तक आयोजित किये जायेंगे भव्य कार्यक्रम और आरक्षण को बचाने की ली जायेगी शपथ।
- 14 अप्रैल को संघर्ष समिति लखनऊ गोमती नगर में करेगी 10 कुन्तल पूड़ी व मिष्ठान का वितरण और किया जायेगा बाबा साहब के गीतों का प्रस्तुतिकरण।
लखनऊ, 11 अप्रैल। आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति, उप्र संयोजक मण्डल के तत्वाधान में आज राष्ट्रपिता महात्मा ज्योतिबा राव फुले की 191वीं जयन्ती पर उन्हें याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किया गया। इस अवसर पर आरक्षण समर्थकों ने कहा कि ज्योतिबा राव फुले जी द्वारा समाज सुधार की दिशा में पूरे देश में बहुजन समाज के लिये जो जागरूकता फैलायी गयी उसे कभी भी भुलाया नहीं जा सकता। संयोजक मण्डल द्वारा बाबा साहब की जयन्ती पर पूरे प्रदेश में होने वाले दो दिवसीय कार्यक्रम की समीक्षा की गयी और उसे अन्तिम रूप दिया गया। संघर्ष समिति के तत्वाधान में बाबा साहब की जयन्ती की पूर्व संध्या 13 अप्रैल को बाबा साहब डा. भीमराव अम्बेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल, गोमती नगर सायं 4 बजे से एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। जिसमें देश के जाने माने लोकगीत गायक श्री राम निवास पासवान व श्री सागर जौनपुरी की पूरी टीम बाबा साहब के गीत गायेगी।
आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति के संयोजकों अवधेश कुमार वर्मा, राम शब्द जैसवारा, आरपी केन, अनिल कुमार, अजय कुमार, अन्जनी कुमार, अशोक सोनकर, बनी सिंह, प्रेम चन्द्र, अजय चैधरी, दिनेश कुमार, जितेन्द्र कुमार, प्रभू शंकर, राजेश पासवान, श्रीनिवास ने कहा कि बाबा साहब की जयन्ती पूरे प्रदेश में आरक्षण समर्थक धूमधाम से मनायेंगे। संघर्ष समिति के तत्वाधान में 14 अप्रैल को बाबा साहब डा. भीमराव अम्बेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल, गोमती नगर, लखनऊ में सुबह 9 बजे से पूरे दिन लगभग 10 कुन्तल पूड़ी व मिष्ठान का वितरण किया जायेगा और साथ ही लोकगीत गायकों द्वारा बाबा साहब पर गीत प्रस्तुत किया जायेगा। 14 अप्रैल को पूरे प्रदेश में 8 लाख आरक्षण समर्थक आरक्षण को बचाने की शपथ भी लेंगे।







