नई दिल्ली,12 अप्रैल। डेटा लीक मामले में फेसबुक के सीईओ मार्क जकरबर्ग अमेरिकी कांग्रेस में पेश हुए। इस दौरान उन्होंने कैम्ब्रिज एनालिटिका और चुनाव में हस्तक्षेप की बात को कबूल किया। कैम्ब्रिज एनालिटिका का मामला भारत से भी जुड़ा हुआ था। केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बुधवार सुबह ट्वीट कर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर हमला बोला। रविशंकर प्रसाद ने ट्वीट किया कि अब जब कैम्ब्रिज एनालिटिका के चुनावों में दखल देने की बात सच साबित हो गई है। फेसबुक ने कहा है कि वह कोशिश करेगा कि इसका भारत के चुनावों पर कोई असर नहीं पड़े। ऐसे में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए और वादा करना चाहिए कि वह भारतीय मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए समाज को बांटने की कोशिश नहीं करेंगे।

बता दें कि अमेरिकी सीनेटर्स के सामने सवालों का जवाब देते हुए मार्क जकरबर्ग ने चुनावों को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा कि 2018 एक अहम साल है, जिसमें बहुत देशों में चुनाव होने हैं। उन्होंने कहा कि भारत में होने वाले आगामी चुनाव को फेसबुक के माध्यम से प्रभावित नहीं होने देंगे। इसके लिए वे प्रयास कर रहे हैं। जकरबर्ग ने एक सवाल के जवाब में कहा 2018 चुनाव के मद्देनजर बहुत ही महत्वपूर्ण साल है। इस साल अमेरिका में मध्यावधि चुनाव होने हैं। वहीं, भारत, पाकिस्तान, ब्राजील जैसे देशों में भी चुनाव हैं। हम भरोसा दिलाते हैं कि हम वह सब कुछ करेंगे जिससे ये चुनाव प्रभावित न हों।
गौरतलब है कि कैम्ब्रिज एनालिटिका के पूर्व कर्मचारी रहे क्रिस्टोफर विली ने डेटा लीक से जुड़े कई खुलासे किए थे। जिसमें उन्होंने बताया था कि भारत में रहकर उन्होंने काफी काम किया और उसका यहां ऑफिस भी था। विली ने ब्रिटेन के हाउस ऑफ कॉमन्स में डिजिटल, कल्चर, मीडिया और स्पोर्ट्स कमिटी के सामने यह बयान दिया था। बयान देते हुए विली ने कैम्ब्रिज एनालिटिक के साथ काम करने वाली पार्टियों का नाम लेते हुए भारत की कांग्रेस पार्टी का भी नाम लिया। विली के अनुसार उसे पूरा विश्वास है कि ‘कैम्ब्रिज एनालिटिका’ की एक क्लाइंट कांग्रेस भी थी। कंपनी ने कांग्रेस पार्टी के लिए हर तरह के प्रोजेक्ट पर काम किया।
इसके अलावा कैम्ब्रिज एनालिटिका के निलंबित सीईओ एलेक्सजेंडर निक्स के लंदन स्थित दफ्तर में कांग्रेस का पोस्टर दीवार पर चिपके होने की तस्वीर सामने आई थी। जिसको लेकर काफी हंगामा मचा था। यह वीडियो जर्नलिस्ट और टेक ब्लॉगर- जेमी बार्लेट द्वारा बनाई गई डॉक्यूमेंटरी में शामिल रहा था। ‘सिक्रेट्स ऑफ सिलिकन वैली’ नाम के इस डॉक्यूमेंटरी के दूसरे पार्ट ‘द पर्सूएशन मशीन’ में इस पोस्टर देखा जा सकता है। इस पोस्टर में जेमी बार्लेट को कैम्ब्रिज एनालिटिका के निलंबित सीईओ एलेक्सजेंडर निक्स के साथ हाथ मिलाते देखा गया है।







