पटना, 19 अप्रैल। भाजपा के असंतुष्ट नेता यशवंत सिन्हा 21 अप्रैल को पटना में विपक्षी पार्टियों के साथ कार्यक्रम आयोजित करेंगे और कोई राजनीतिक घोषणा भी करेंगे। उन्होंने मोदी सरकार पर हमला करने के लिए गैर राजनीतिक मोर्चा का गठन किया है। उन्होंने इस बारे में कोई भी ब्योरा साझा करने से मना कर दिया।
उन्होंने कहा कि वह शनिवार को इस संबंध में खुलासा करेंगे। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, यह राजनीतिक घोषणा होगी। वह भाजपा नीत राजग सरकार के कटु आलोचक हैं, लेकिन अब तक भाजपा में बने हुए हैं। सूत्रों ने बताया कि वह औपचारिक रूप से विपक्षी पार्टियों के साथ शामिल हो सकते हैं, ताकि भाजपा के खिलाफ संयुक्त मोर्चा पेश किया जा सके।
समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता घनश्याम तिवारी ने बताया कि कांग्रेस के नेता, तृणमूल कांग्रेस सांसद दिनेश त्रिवेदी, राजद नेता तेजस्वी यादव, रालोद नेता जयंत चौधरी, आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह, जदयू के असंतुष्ट नेता उदय नारायण चौधरी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। समाजवादी पार्टी भी इस कार्यक्रम में शामिल होगी। पूर्व सांसद शरद यादव को भी आमंत्रित किया गया है। यशवंत सिन्हा ने गत 30 जनवरी को राष्ट्र मंच का गठन किया था।







