पहले भी शायद यह सब हो रहा होगा, पर किसी को मालूम नहीं था: हेमा मालिनी
नई दिल्ली,21 अप्रैल। देश में महिलाओं और बच्चों के साथ आए दिन अपराध हो रहे हैं। इनमें गैंगरेप जैसे मामले भी शामिल हैं। इन घटनाओं पर बॉलीवुड अभिनेत्री और भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि ऐसे हादसों को रोका जाना चाहिए। एक सवाल के जवाब में कठुआ और उन्नाव का नाम लिए बिना हेमा मालिनी ने कहा कि पहले भी बच्चों के साथ अपराध की घटनाएं होती थीं, मगर अब ऐसी घटनाओं पर पब्लिसिटी हो रही है।
पहले भी शायद यह सब हो रहा होगा, पर किसी को मालूम नहीं था। लेकिन इसके ऊपर जरूर ध्यान दिया जाएगा। ऐसे जो हादसे हो रहे हैं, वह नहीं होने चाहिए। इससे देश का नाम खराब होता है। बता दें कि कठुआ की घटना का विरोध न सिर्फ देश, बल्कि विदेशों तक में हुआ है। इसके चलते आरोपियों को सजा दिलाने और बच्चों की सुरक्षा के लिए कड़े कानून को लाने की मांग की जा रही है। बता दें कि उन्नाव और कठुआ मामले के बाद भी एक के बाद एक और इस तरह की घटनाएं सामने आई हैं। कुछ दिन पहले ही सूरत में 11 साल की नाबालिग के साथ रेप और हत्या का एक और मामला सामने आया था।







