मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के नव-निर्वाचित सदस्यों का हुआ सम्मान
लखनऊ, 24 अप्रैल। उ.प्र. जिला मान्यता प्राप्त पत्रकार एसोसिएशन द्वारा उत्तर पदेश प्रेस क्लब में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में उ.प्र. मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के नव-निर्वाचित पदाधिकारियों व कार्यकारिणी के सदस्यों को आज प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह प्रदान कर विधिवत सम्मानित किया गया।
इससे पहले, मुख्य अतिथि, श्री केशव प्रसाद मौर्य, उप-मुख्यमंत्री, ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत् उद्घाटन किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों डा. जगदीश गाँधी, शिक्षाविद्, मा. तनवीर हैदर उस्मानी, अध्यक्ष, उ.प्र. राज्य अल्पसंख्यक आयोग एवं वरिष्ठ पत्रकार सुशील दुबे की उपस्थिति ने समारोह की गरिमा में चार-चाँद लगा दिया। समारोह का संचालन श्री इरशाद राही ने किया।
इस समारोह में एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक व प्रख्यात साहित्यकार पं. हरि ओम शर्मा ‘हरि’, अध्यक्ष श्री अब्दुल वहीद, श्री अजय वर्मा, महामंत्री, जुबैर अहमद, सचिव व अन्य पदाधिकारियों समेत बड़ी संख्या में साहित्यकार, लेखक व गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। इस अवसर पर एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक व प्रख्यात साहित्यकार पं. हरि ओम शर्मा ‘हरि’ द्वारा लिखित पुस्तक ‘अपना रास्ता खुद बनायें’ मुख्य अतिथि श्री केशव प्रसाद मौर्य एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों को भेंट की गई। उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पुस्तक को सभी के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि मैं इसके लिए पं. हरि ओम शर्मा को बधाई देता हूँ।
इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्य अतिथि श्री केशव प्रसाद मौर्य, उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतान्त्रिक व्यवस्था की मजबूती में लोकतन्त्र के चैथे स्तम्भ की महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्य के प्रति संवदेनशीलता, पारदर्शिता, निष्पक्षता ही पत्रकारिता की पहचान है, परन्तु वर्तमान दौर में लोकतन्त्र के चैथे स्तम्भ की चुनौतियाँ बहुत बढ़ गई है। श्री मौर्य ने उ.प्र. राज्य मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के नव-निर्वाचित सदस्यों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि यह सम्मान समारोह पत्रकारिता के स्थापित मानदंडो को और ऊँचाइयों पर पहुँचाने में मददगार साबित होगा।
सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि श्री केशव प्रसाद मौर्य, विशिष्ट अतिथियों मा. तनवीर हैदर उस्मानी व डा. जगदीश गाँधी एवं एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक पं. हरि ओम शर्मा ‘हरि’ ने उ.प्र. मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के निर्वाचित पदाधिकारियों व सदस्यों को सम्मानित किया, जिनमें अध्यक्ष पद हेतु निर्वाचित श्री हेमन्त तिवारी, उपाध्यक्ष हेतु निर्वाचित श्री आकाश शेखर शर्मा एवं श्री अजय श्रीवास्तव, सचिव हेतु निर्वाचित श्री शिव शरन सिंह, संयुक्त सचिव हेतु निर्वाचित सुश्री तमन्ना फरीदी एवं श्री श्रीधर अग्निहोत्री, कोषाध्यक्ष हेतु निर्वाचित श्री जफर इरशाद, कार्यकारिणी सदस्य हेतु निर्वाचित श्री सुरेश यादव, श्री संजोग वाल्टर, श्री अभिषेक रंजन, श्री अलाउद्दीन, श्री अंकित श्रीवास्तव, सुश्री दया विष्ट, श्री हरीश काण्डपाल एवं श्री अनिल सैनी को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर एसोसिएशन की ओर से मुख्य सरंक्षक पं. हरि ओम शर्मा ‘हरि’ एवं अध्यक्ष श्री अब्दुल वहीद ने मुख्य अतिथि श्री केशव प्रसाद मौर्य को एक ज्ञापन दिया और पत्रकारों की मूलभूत समस्याओं के निराकरण अपील की।






