जयपुर, 03 मई। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के संगठन महामंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का इस्तीफा मांगा। उन्होंने कहा कि बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष के मुद्दे पर सीएम की बेइज्जती हुई है। राजस्थान के स्वाभिमान के साथ चोट की है। सीएम को राजस्थान के स्वाभिमान के लिए इस्तीफा दे देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश में भय का माहौल है और सरकार से कोई खुश नहीं है। केंद्र सरकार और सुप्रीम कोर्ट में टकराव के हालात बने हुए हैं। राजस्थान में हालात और भयावह हैं। यहां पानी के लिए लोग रोज प्रदर्शन कर रहे हैं, प्रदेश में रोज दुष्कर्म की घटनाएं हो रही हैं। अशोक गहलोत ने कहा, राजस्थान में किसानों की आत्महत्याएं चिंता का विषय हैं। सरकार ने चार साल में कुछ नहीं किया, सरकार जाने के समय सीएम अब दौरे कर रही हैं। मुख्यमंत्री अब गेस्ट की तरह जयपुर आती हैं।
उन्होंने कहा, राजस्थान में माफिया कभी नहीं था, राजस्थान में बजरी माफिया पनप गया, प्रदेश को लूटा जा रहा है। उन्होंने कहा, सरकार ने बेरोजगारों युवाओं के साथ धोखा किया है। तबादला उद्योग असली रूप से इस बार सामने आया, सरकार अब बड़ी-बड़ी घोषणाएं कर रही है, इन घोषणाओं का जमीन पर कोई आधार नहीं है। गहलोत ने कहा, यह सरकार लाठी चार्ज की सरकार के रूप में याद की जाएगी। बीजेपी मुख्यालय के बाहर किसी वर्ग को नहीं छोड़ा जिस पर लाठीचार्ज नहीं हुआ हो।







