लोगों को 12 मई का इंतजार
बेंगलुरु, 11 मई। गुरुवार की शाम पांच बजे कर्नाटक में चुनावी शोर थम गया। अब लोगों को 12 मई का इंतजार है। उस दिन कर्नाटक विधानसभा की 223 सीटों पर वोट डाले जायेंगे। एक सीट पर भाजपा उम्मीदवार के निधन की वजह से चुनाव रद्द किया गया है। वोटों की गिनती 15 मई को होगी। यहाँ सरकार बनाने के लिए जादुई आंकड़ा 113 सीटों का है।
वर्तमान में सत्तारूढ़ कांग्रेस के पास 122 सीटें, भाजपा के पास 43 और जेडीएस के पास 37 सीटें हैं। चुनाव के आखिरी दौर में पीएम मोदी ने भाजपा के एससी/एसटी ओबीसी और स्लम कार्यकर्ताओं से नमो ऐप के जरिए संवाद करते हुए कांग्रेस पर हमला बोला। इसी के उलट कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने संवाददाता सम्मेलन में मोदी के हमले का जवाब दिया। राहुल ने हिंदुत्व को लेकर भाजपा पर हमला बोला। अंतिम दिन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राहुल व प्रदेश की सिद्धारमैया सरकार पर जमकर निशाना साधा। शाह ने दावा किया कि भाजपा अकेले दम पर 130 से ज्यादा सीटें जीतकर राज्य में सरकार बनाने जा रही है।
बता दें कि इस चुनाव में चार करोड़ 96 लाख वोटर वोट डालेंगे। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार कर्नाटक में चार करोड़ 96 लाख वोटर हैं। निर्वाचन आयोग ने राज्य में 97 फीसदी फोटो पहचान पत्र जारी किये हैं। चुनाव में 56 हजार पोलिंग स्टेशन बनाये गये हैं। इसके अलावा महिलाओं और दिव्यांगों के लिए मतदान का विशेष इंतजाम किये गये है। सभी पोलिंग स्टेशनों पर ईवीएम के साथ VVPAT का भी इस्तेमाल होगा। इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों के बारे में लोगों को जागरूक किया जा रहा है।







