मुंबई : राजस्थान रॉयल्स ने शानदार जीत के साथ आईपीएल-11 के प्लेऑफ (अंतिम 4) के लिए दावेदारी पेश कर दी है। राजस्थान ने रविवार को मुंबई इंडियंस को 12 गेंदों पहले सात विकेट से करारी मात दी। वर्ष 2008 के चैंपियन राजस्थान के अब 12 मैच में 6 जीत और 6 हार से 12 अंक है। वह 5वें स्थान पर आ गया है।
हालांकि किंग्स इलेवन पंजाब और कोलकाता नाइट राइडर्स के भी 12-12 अंक ही हैं, लेकिन बेहतर नेट रनरेट होने से क्रमश: तीसरे और चौथे स्थान पर हैं। जीत के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में राजस्थान के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने कहा कि हम सबके लिए यह बेहतरीन जीत है। मेरे हिसाब से मुंबई इस विकेट पर 10-15 रन कम बना पाया। असल में जोफ्रा आर्चर द्वारा एक ही ओवर में दिए गए दो झटकों ने मैच बदल दिया।
शुरुआती कुछ मुकाबलों में हम बड़ी साझेदारी नहीं निभा पा रहे थे, लेकिन हम जानते थे कि अगर हम ऐसा कर पाते हैं तो लक्ष्य पीछा करना मुश्किल नहीं होगा। मैच से पहले हमने चर्चा की थी कि जितनी जल्दी हो सके हम इस विकेट पर ढल जाएंगे। हालांकि हमें फील्डिंग में सुधार की जरूरत है। मैं चाहता हूं कि साथी आगे आएं और अच्छा करें।







