फिर भी 50 हजार रुपये लेकर ही मानी
पटना, 17 मई। कभी कभी शादी की रस्मे निभाना भी जरूरत से ज्यादा महंगा पड़ जाता है कुछ ऐसा ही वाकया बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल अध्यक्ष लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेज प्रताप को शादी में देखने को मिला जहां उनकी सालियों ने जूता चुराई की रस्म में 10 लाख रुपये की मांग रख दी थी। वह तो भला हो छोटे भाई तेजस्वी यादव का, जिन्होंने मामला संभाल लिया! नहीं तो अगर दूल्हे ने सालियों की मांगें मान ली होतीं, तो उनका भारी आर्थिक नुक्सान होना लगभग तय था।
मीडिया के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार जूता चुराई की रस्म के दौरान तेज प्रताप की सालियों ने 10 लाख रुपये की मांग रख दी थी। इस पर तेज प्रताप ने कहा कि वह शगुन के केवल 11 रुपये ही देंगे। मगर दुल्हन ऐश्वर्या राय की बहनें अपनी मांग से पीछे हटने को तैयार नहीं थीं। तब दूल्हे के छोटे भाई और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने मामला संभाला और 50 हजार रुपये में ‘डील’ फाइनल हुई।
बताया जाता है कि सिर्फ जूता चुराई ही नहीं, तेज प्रताप की सालियों ने कोहबर की द्वार छेकाई की रस्म के दौरान पूरे 1 करोड़ रुपये की मांग कर डाली। हो सकता है कि वे जूता चुराई में हुए मोल-भाव से बिगड़े अपने हिसाब को इस रस्म की कमाई से पूरा करने के मूड में थीं। बहरहाल, तेजस्वी यादव ने यहां भी बीच-बचाव करके 50 हजार रुपये में बात फाइनल कर दी।
बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और महुआ से विधायक तेज प्रताप यादव की शादी ऐश्वर्या राय से हुई है। ऐश्वर्या बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दरोगा राय की पोती और आरजेडी नेता चंद्रिका राय की बेटी हैं। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से ग्रैजुएशन और एमिटी यूनिवर्सिटी से मैनेजमेंट की पढ़ाई की है।
तेज प्रताप और ऐश्वर्या की शादी पटना में एक भव्य समारोह में 12 मई को हुई। चारा घोटाला मामले में दोषी लालू प्रसाद को शादी में शामिल होने के लिए पैरोल मिली। इससे पहले सगाई की रस्म हुई जिसमें राजद सुप्रिमो शामिल नहीं हो सके। करीबी रिश्तेदारों की मौजूदगी में सगाई की रस्म हुई।







