पाक पर बढ़ा दबाव:
नई दिल्ली, 25 मई। अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर घोषित हो चुके आतंकी संगठन जमात-उद-दावा के प्रमुख हाफिज सईद पर कार्रवाई को लेकर पाकिस्तान पर वैश्विक दबाव बढ़ता जा रहा है। इस मामले को लेकर चीन ने पाकिस्तान को सलाह दी है कि दुनिया भर में पाकिस्तान की बन रही नकारात्मक छवि को लेकर वह प्रतिबंधित हाफिज सईद को पाकिस्तान से हटाकर किसी और पश्चिमी एशिया के देश में शिफ्ट करने पर विचार करे।
इस मामले में अभी पिछले महीने बोओ फोरम में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहिद खाकान अब्बासी से चीन के राष्ट्रपति शी जिन्पिंग की मुलाकात हुई थी। शी ने अब्बासी से कहा कि पश्चिमी एशिया के किसी और देश में हाफिज सईद को भेज दिया जाए, ताकि वह अपनी आगे की जिंदगी आसानी से बिता सके। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बताया जा रहा है कि चीन के राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद पाकिस्तान के पीएम अब्बासी ने सरकार के वरिष्ठ कानूनी सलाहकारों की टीम के साथ इस मुद्दे पर चर्चा की। इस बीच 31 मई को अब्बासी का प्रधानमंत्री के तौर पर कार्यकाल खत्म हो रहा है और पाकिस्तान में जुलाई में चुनाव होने वाले हैं।
सूत्रों के मुताबिक अब्बासी जल्द से जल्द इस मसले का कोई समाधान चाहते हैं और इसलिए उन्होंने कानूनी टीम को तत्काल कोई तरीका निकालने का निर्देश दिया। इस बीच पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में हाफिज सईद की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। पंजाब प्रांत में रह रहे आतंकी सईद की सुरक्षा पुलिस ने जान का खतरा होने की बात कहकर बढ़ाई है।







