पटना, 31 मई। जोकीहाट विधान सभा उपचुनाव के परिणाम को जन अधिकार पार्टी (लो) ने नीतीश कुमार के अपमान की हार बताया। आज पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव सह प्रवक्ता श्री प्रेमचंद सिंह ने आज प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि मौजूदा गठबंधन में नीतीश कुमार का लगातार अपमान जदयू के हार कारण बना। नीतीश कुमार के अपमान से बिहार की जनता खुद को अपमानित महसूस कर रही है।
बिहार को विशेष राज्य का दर्जा व विशेष पैकेज नहीं मिलना, पटना विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय बनाने की मांग को नजर अंदाज करना, टाल के विकास पर चुप्पी साध लेना, पेट्रोल – डीजल की बढ़ती कीमत, रोजगार, पलायन और सबसे ज्यादा रामनवमी के दिनों में बिहार में शांति और अमन को बर्बाद करने की वजह से लोगों में रोष था।
श्री सिंह ने जोकीहाट की जीत राजद की जीत नहीं है। यह तसलीमुद्दीन साहब की संवेदना की जीत है। इस पर राजद के चाटुकार लोग ज्यादा मत इतरायें। उन्होंने बिना नाम लिये कहा कि दोनों बाप बेटा दो जातियों को छोड़ अन्य जातियों का वोट क्यों नहीं ले पाते?जोकिहाट में लोकसभा चुनाव के दौरान एक लाख 12 हजार वोटिंग हुई थी, मगर इस बार विधान सभा के चुनाव में महज 80 हजार लोगों ने ही मतों का प्रयोग किया। आखिर क्या वजह है कि इस बार वोट का प्रतिशत गिर गया। राजद को सिर्फ दो जातियों का वोट मिला है।
उन्होंने उपचुनाव में जन अधिकार पार्टी (लो) को मिले मतों पर कहा कि हम जनता का फैसला स्वीकार करते हैं। अभी हमें साढ़े पांच हजार लोगों ने वोट किया है, हम आने वाले चुनाव में इसको 54 हजार बनायेंगे। इसके अलावा जन अधिकार पार्टी (लो) जोकीहाट की जनता की सेवा पूरे समर्पण के साथ करते रहेगी।






