विश्व हिंदू परिषद में हुए दो फाड़
नई दिल्ली, 24 जून। विश्व हिंदू परिषद में दो फाड़ हो गए है, (विहिप) के पूर्व नेता प्रवीण तोगड़िया ने इसकी विधिवत घोषणा करते हुए अपना संघटन ‘अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद’ बनाया है। श्री तोगड़िया ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली से नाराज होकर यह कदम उठाया है।
पूर्व विहिप नेता ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और बीजेपी से जुड़े बड़ी संख्या में लोग चकित और परेशान हैं कि मोदी सरकार सैद्धांतिक, सामाजिक-राजनीतिक और आर्थिक मुद्दों पर कुछ करती नहीं दिखाई दी और कई मौकों पर यू-टर्न ले गयी।
बता दें, तोगड़िया ने 14 अप्रैल को तब विहिप का साथ छोड़ दिया था, जब संगठन के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए गुड़गांव में हुए चुनाव में उनके समर्थित उम्मीदवार राघव रेड्डी को हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल वीएस कोकजे ने हरा दिया था।
प्रधानमंत्री श्री मोदी से नाराज चल रहे श्री तोगड़िया ने कहा कि इस समय पीएम की विदेश नीति बेहद दयनीय है। तोगड़िया ने कहा कि बड़े सपने बेचना ही काफी नहीं है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण काम की सत्यता पर आधारित था, जो अभी वास्तव में दिखाई देना बाकी है।







