मॉस्को, 28 जून। ब्राजील ने फीफा विश्व कप में देर रात खेले गए ग्रुप ई के अपने अंतिम मुकाबले में सर्बिया को 2-0 से हरा दिया। पॉलिन्हो ने 36 वें मिनट में ब्राजील की ओर से पहला गोल कर अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया। थियागो सिल्वा ने 68 वें मिनट में नेमार के शानदार क्रास को गोल में बदलकर अपनी टीम की बढ़त 2-0 कर दी।
इसी के साथ ही ब्राजील की टीम ने तीन मैचों में 7 अंक हासिल करने के साथ ही अंक तालिका में शीर्ष स्थान बना लिया है। ब्राजील ने दो मैच जीते जबकि एक-एक मैच बराबरी पर रहा। ब्राजील के अलावा ग्रुप ई से स्विट्जरलैंड प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने में सफल रहा। ब्राजील ने शुरुआत से ही अच्छा प्रदर्शन किया। पहले मिनट से ही ब्राजील के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाकर विरोधी टीम पर दबाव बनाना शुरु कर दिया। सर्बिया ने भी अच्छा जवाब दिया पर वह बढ़त नहीं बना पाई।
कोटन्हो ने बॉक्स के बाहर सर्बिया के डिफेंडर को छकाते हुए अपनी टीम के फारवर्ड खिलाड़ी पॉलिन्हो को पास दिया जिन्होंने गोलकीपर के ऊपर से गेंद को गोल में डालकर अपनी टीम को 1-0 से बढ़त दिला दी। ब्राजील ने दूसरे हाफ में भी अधिक समय तक गेंद पर नियंत्रण बनाने रखा। सर्बिया ने भी गोल करने के कुछ मौके बनाए।
56वें मिनट में ल्जाजिक ने बॉक्स में बेहतरीन क्रॉस दिया जिसे बाहर करने में ब्राजील के डिफेंडर मिरांडा को परेशानी हुई लेकिन वह भाग्यशाली रहे कि गेंद गोल में नहीं गई। ब्राजील ने 68वें मिनट में नेमार के कॉर्नर पर बेहतरीन क्रॉस दिया जिस पर हेडर से गोल दागकर डिफेंडर थियागो सिल्वा ने अपनी टीम को 2-0 से आगे कर दिया। सर्बिया ने अंतिम क्षणों में गोल करने के प्रयास किये पर उसे सफलता नहीं मिली।







