अखबार से नाराज था हमलावर, मानहानि का केस हारने के बाद से अवसाद में था
नई दिल्ली, 29 जून। अमेरिका में मानहानि का केस हारने के बाद से अवसाद में चल रहे एक व्यक्ति ने मैरीलैंड के एक समाचारपत्र के दफ्तर पर हमला कर दिया, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गये। हमलावर की पहचान 38 साल के जैरॉड रामोस के तौर पर की गयी है, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अमेरिकी शहर अनापोलिस में कैपिटल गजट अखबार के दफ्तर पर हुए इस हमले को अमेरिका में पिछले कुछ दशकों में हुए सबसे भयावह हमलों में से एक बताया जा रहा है।
वाशिंगटन पोस्ट अखबार के अनुसार रामोस 2011 में अखबार के एक स्तंभ को लेकर उसके खिलाफ मानहानि के एक मामले में वह हार गया था। उसका कहना था कि इस लेख से उसकी मानहानि हुई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार कैपिटल गजट के संपादक जिम्मी डिबट्स ने ट्वीट किया कि इस घटना से वह तबाह, उदास और स्तब्ध हैं।
इस बारे में क्राम्फ ने मीडिया से कहा कि कैपिटल गजट पर हुआ यह हमला एक लक्षित हमला था। उन्होंने कहा कि यह हमलावर शुक्रवार को आज पूरी तरह तैयार होकर आया था, वह लोगों को मारने की तैयारी के साथ आया था। उसकी मंशा लोगों को नुकसान पहुंचाने की थी।
अखबार का सहायक संपादक भी मारा गया
रिपोर्ट्स के अनुसार मैरीलैंड के एक अखबार से लंबे समय से नाराज एक अमेरिकी हमलावर ने शुक्रवार को बंदूक और स्मोक ग्रेनेड से समाचारपत्र के दफ्तर पर हमला कर दिया, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गये। पुलिस ने मीडिया को बताया कि मारे गये लोगों में अखबार के सहायक संपादक रॉब हियासेन, संपादकीय पृष्ठ प्रभारी गेराल्ड फिशमैन, संपादक और संवाददाता जॉन मैकनमारा, विशेष प्रकाशन संपादक वेंडी विंटर्स और सेल्स सहायक रेबेका स्मिथ हैं।






