कांग्रेस ने कसा तंज कहा: आये नहीं 15-15 लाख लोगों के खाते में?
लखनऊ, 03 जुलाई। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्री प्रमोद तिवारी ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान मोदी जी ने बड़ा बढ़ चढ़कर वायदा किया था कि जैसे ही मेरी सरकार बनेगी 100 दिन के अंदर ‘स्विस बैंक’ सहित अन्य विदेशी बैंकों में जमा कालाधन वापस लायेंगे और वह इतना धन होगा कि प्रत्येक भारतवासी के खाते में 15 -15 लाख रुपये जमा हो जायेंगे। मोदी जी का यह वायदा भी अन्य वायदों की तरह झूठा साबित हो रहा है ।
श्री तिवारी ने कहा है कि वर्ष 2017 में स्विस बैंक ने जो ‘डाटा’ रिलीज किया है उसके अनुसार स्विस बैंक के खाते में पिछले वर्ष के मुकाबले ‘ड्योढ़ा’ धन जमा हुआ है जबकि दुनिया के अन्य देश के किसी व्यक्ति के खाते में 3ः से ज्यादा की बढ़ोत्तरी नहीं हुई है जबकि भारत के व्यक्ति के खाते में 50ः से ज्यादा का इजाफा हुआ है। अर्थात विदेशों से धन तो वापस आया नहीं बल्कि जमा धन डेढ़ गुना बढ़ गया।
श्री तिवारी ने जोर देते हुये कहा है कि आज 1 अमेरिकी डाॅलर की कीमत भारत के 69 रुपये के बराबर हो गयी है जो रुपये की गिरावट का ‘सबसे बड़ा रिकाॅर्ड’ है। उन्होंने याद दिलाते हुये कहा है कि जब रुपये की कीमत 57- 58 रुपये प्रति डाॅलर हो गयी थी तो मोदी जी ने कहा था कि डालर के मुकाबले भारतीय रुपये की गिरावट तत्कालीन प्रधानमंत्री डा0 मनमोहन सिंह जी की आयु पूरी करके ही रुकेगा।
यही नहीं मोदी जी ने यह भी कहा था कि जब मेरी सरकार बनेगी तो हम आर्थिक सुधार के ऐसे कदम उठायेंगे कि 1 अमेरिकी डाॅलर 30 – 35 रुपये के बराबर होगा – मोदी जी का यह वायदा भी मात्र झूंॅठा जुमला ही साबित हुआ ।
श्री तिवारी ने कहा है कि सत्यता तो यह है कि 01 अमेरिकी डाॅलर के मुकाबले भारतीय रुपया तत्कालीन प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह जी की आयु तो नहीं पार कर पाया था किन्तु आज मोदी जी के राज में भारतीय रुपये में डालर के मुकाबले इतनी गिरावट आयी है कि वह मोदी जी की उम्र को जरूर पार कर गया।







