जोधपुर, 05 जुलाई। प्रसिद्ध डांसर और गायिका सपना चौधरी गुरुवार को जोधपुर पहुंच गई। वे आज शाम रावण का चबूतरा मैदान पर प्रस्तुति देगी। कई बाधाएं दूर होने के बावजूद उनके कार्यक्रम को लेकर अभी तक संशय बना हुआ है। आयोजकों ने सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस को देय राशि में से अभी तक महज चौथाई राशि ही जमा कराई है। वहीं करणी सेना और शिवसेना के एक धड़ा इस आयोजन का विरोध कर रहा है। ऐसे में किसी हुड़दंग की आशंका के बीच आयोजन स्थल पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
फैंस ने घेरा सपना को…
कार्यक्रम में परफोर्म करने के लिए सपना चौधरी दोपहर को जोधपुर पहुंची। एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में मौजूद फैंस ने उन्हें घेर लिया। सुरक्षाकर्मी बड़ी मुश्किल से उन्हें कार तक लेकर गए। भीड़ के बीच सपना एकदम सहज बनी रही। कार में बैठ उन्होंने राहत महसूस की।
कार्यक्रम को लेकर बना हुआ है संशय
हरियाणा की प्रसिद्ध डांसर सपना चौधरी का जोधपुर में प्रस्तावित प्रोग्राम शुरू से ही विवादों में रहा है। पहले सुरक्षा कारणों से पुलिस प्रशासन ने शहर में ऐसे आयोजन की अनुमति देने से इनकार कर दिया। इसे लेकर इस प्रोग्राम के आयोजन से जुड़े शिवसेना के एक नेता सम्पत पूनिया ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दी। कई सुनवाई के पश्चात हाईकोर्ट ने दो दिन पूर्व पुलिस को इस आयोजन के लिए सुरक्षा उपलब्ध कराने का आदेश दिया। इसके बाद लग रहा था कि जोधपुर में सपना चौधरी के प्रोग्राम की राह की सारी अड़चने दूर हो चुकी है, लेकिन इस आयोजन को लेकर कई दिक्कतें खड़ी हो गई है।
सपना के कार्यक्रम के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात करना पड़ेगा। निजी कार्यक्रम होने के कारण पुलिस ने इसके लिए साढ़े आठ लाख रुपए की मांग कर रखी है। जबकि आयोजकों ने आज दोपहर तक महज ढाई लाख रुपए ही पुलिस के पास जमा कराए है। ऐसे में पुलिस अब पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराएगी या नहीं इसको लेकर संशय बना हुआ है।
करणी सेना और शिवसेना ने संभाली विरोध की कमान
जोधपुर राजघराने की राजमाता कृष्णा कुमारी का सोमवार देर रात निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को किया गया। उनका निधन होने के कारण पूरे मारवाड़ में शोक की लहर है। श्री राजपूत करणी सेना के प्रदेश सचिव व संभाग अध्यक्ष मानसिंह मेड़तिया ने बुधवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंप कहा कि शोक के इस माहौल में शहर में एक डांसर का प्रोग्राम कराना उचित नहीं रहेगा। इस आयोजन से शोक में डूबे शहर के लोगों की भावनाएं आहत होगी। साथ ही प्रोग्राम के दौरान कानून व्यवस्था का माहौल बिगड़ सकता है। ऐसे में इस आयोजन पर रोक लगाई जाए। इसी तर्ज पर शिवसेना के एक धड़े ने पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंप इस आयोजन पर रोक लगाने की मांग की है।







