यूपी प्रेस क्लब के खिलाफ एफआईआर
बलात्कार के विषय में नेता जी ने कहा था- बच्चों से गलतियां हो जाती हैं। मैं नेता जी का अंध भक्त हूं। मैं कहता हूं- पत्रकारों से भी गलतियां हो जाती हैं। इन्हें माफ कर देना चाहिए है।
आप सियासी लोगों का दिल बहुत बड़ा होता है। आप क्षमादान में माहिर होते हैं। पत्रकारों पर भी आपकी विशेष कृपा होती है। राजनेता अक्सर पत्रकारों की गलतियों को माफ कर देते हैं। पत्रकारों से भी गलती हो जाती है, इसलिए हम लोगों पर विशेष कृपा करते हुए प्रेस क्लब को माफ कर दीजिए।
यूपी प्रेस क्लब पत्रकारों का शरण स्थल है। इसके खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण ने एफ आई आर लिखवाई है। सुना है तमाम सरकारी विभागों ने प्रेस क्लब को अवैध करार कर नोटिस दिये हैं। इस शराब स्थली में ताला लगने का खतरा बना है।
तत्कालीन मुख्यमंत्री परम आदरणीय मुलायम सिंह यादव जी की कृपा से इसका विस्तार हुआ था। मौखिक आदेश पर क्लब को कई सुविधाएं नवाज दी गईं थी। इसके अलावा भी प्रेस क्लब का संचालन करने वाले नियम कानूनों का पालन नहीं कर सके। गलती हो गयी। पत्रकारों से अक्सर गलतियां हो जाती हैं।
हर पत्रकार एनेक्सी मीडिया सेंटर या विधानशभा के प्रेस रूम में बैठकी नहीं कर सकता। पीने का शौकीन हर पत्रकार मंहगे बार में बैठने की हैसियत नहीं रखता। मांसाहारी पत्रकारों को नॉनवेज के दाम में कहीं रियायत नहीं मिलती, सिवाय यूपी प्रेस क्लब के।
अत: उत्तर प्रदेश सरकार से प्रार्थना है कि यूपी प्रेस क्लब की अनियमितता को माफ करें। किसी भी कार्यवाही को रोक दें और यूपी प्रेस क्लब में ताला नहीं लगने दें।
-नवेदानंद







