– नवेद शिकोह
लखनऊ, 19 जुलाई 2018: इन दिनों एक पत्रकार अपनी खबरों के मास्टर स्ट्रोक से बड़े-बड़ों को आउट कर रहा है। ऐसा नहीं है कि ये पत्रकार ऐसी खबरें निकाल रहा है जो अन्य पत्रकारों की निगाहों में अदृश्य हैं। सरकार की पोल खोलती खबरों के प्रति बड़े मीडिया घराने और उनके पत्रकार आंखे मूंदे हैं। ऐसी लावारिस पड़ी खबरों पर लपक कर पुण्य प्रसून वाजपेयी ने सबको पीछे छोड़ दिया है।
मोदी सरकार के खिलाफ खबरों की श्रृंखला वाले कार्यक्रम मास्टर स्टोक के प्रसारण में बाधा डाले जाने कि चर्चाओं के साथ प्रसून की चर्चाएं और भी तेज़ हो गयी हैं।
लगभग दो दशक से टीवी न्यूज की दुनिया में पुण्य प्रसून वाजपेयी की एक पहचान है। किन्तु अब
प्रसून की शोहरत की रफ्तार ऊंचाईयां छूने लगी हैं।
कुछ महीनों पहले बाबा रामदेव से कड़वे सवाल करने की सजा में आजतक ने इनको बाहर कर दिया था। जिसके बाद एबीपी न्यूज चैनल में ज्वाइन करने के बाद यहां उनका मास्टर स्ट्रोक धूम मचाने लगा। पुण्य प्रसून वाजपेयी आज भीड़ से अलग क्यों नजर आ रहे हैं ! आईये जानते हैं:-
पत्रकारिता की नियमावली में बड़ी से बड़ी खबर बड़ी नहीं होती। बड़ी खबर तब बड़ी समझी जाती है जब वो खबर केवल एक पत्रकार के हाथों से फ्लैश हो।
दूसरी बात ये कि पत्रकारिता के बाजार में सरकार का गुडवर्क कौड़ी के दाम भी नहीं होता जबकि सरकार की खामियों वाली और पोल खोलने वाली खबरें खूब वजनदार समझी जाती हैं।
सरकार की निगेटिव और छिपी हुई खबरों को जो जितना ढूंढ पाये, फ्लेश कर पाये वो उतना बड़ा पत्रकार कहलाता है।
इधर कुछ वर्षों से पत्रकारिता का माहौल बदला हुआ है। सरकार के खिलाफ खबरों को नजरअंदाज किया जा रहा है। दर्जनों नामी गिरामी मीडिया समूहों में सैकड़ों बड़े पत्रकारों में सिर्फ दो-चार बड़े पत्रकार ही सरकार के खिलाफ खबर दिखाने का बूता रखते है। इसमें पुण्य प्रसून वाजपेयी आजकल पत्रकारिता के धर्म का पुण्य कमा रहे हैं। जिस बीच प्रसून जहां निर्भीक पत्रकारिता के महानायक बने हुए है वहीं भक्तों(भाजपा समर्थकों) की गालियाँ भी खा रहे हैं।
एसीपी न्यूज के प्राइम टाइम पर पुण्य प्रसून वाजपेयी का मास्टर स्टोक लगातार टीआरपी की बढ़त ले रहा है। इस दौरान यूपी सहित देश के तमाम राज्यों में प्रसून के मास्टर स्टोक के प्रसारण में व्यवधान पैदा करने के आरोपों की चर्चाएं तेज हो रही है। इस क्रम में सोशल मीडिया पर एक चुटकुला भी चल रहा है-
टीचर : सबसे बड़े अंध भक्त का नाम और पता बताओ !
पप्पू : सिग्नल। ये सैटलाइट में रहता है।
टीचर : क्या सुबूत कि सिग्नल सबसे बड़ा अंध भक्त है !
पप्पू : ABP News पर रात 9 बजे जैसे ही पुण्य प्रसून वाजपेयी का मास्टर स्ट्रोक शुरू होता है सिग्नल चला जाता है।







